



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर ने नादौन मंडल में संगठनात्मक फेरबदल करते हुए युवा मोर्चा के वर्तमान मंडल अध्यक्ष आशीष राणा को मुख्य संगठन में जिला कार्यसमिति सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी है।


वहीं, प्रगुण गौतम को भाजपा युवा मोर्चा नादौन मंडल का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। दोनों नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।



संगठन सुदृढ़ीकरण के लिए निर्णय, नई टीम गठित करने को दो सप्ताह का समय; संगठनात्मक अनुशासनहीनता पर होगी सख्त कार्रवाई







भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने इस संगठनात्मक बदलाव की जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी संगठन को और अधिक सुदृढ़, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से स्थानीय नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श और पार्टी के उच्च नेतृत्व की स्वीकृति के बाद ये निर्णय लिए गए हैं।



उन्होंने कहा कि संगठन में समय-समय पर दायित्वों में बदलाव पार्टी की कार्यप्रणाली को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं की क्षमताओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने की प्रक्रिया का हिस्सा है।





राकेश ठाकुर ने स्पष्ट किया कि नादौन मंडल युवा मोर्चा की मौजूदा कार्यकारिणी तत्काल प्रभाव से भंग कर दी गई है। नवनियुक्त अध्यक्ष प्रगुण गौतम को निर्देश दिए गए हैं कि वह मंडल, जिला एवं प्रदेश स्तर के संगठन पदाधिकारियों के साथ परामर्श और समन्वय स्थापित करते हुए आगामी दो सप्ताह के भीतर नई कार्यकारिणी का गठन करें। नई टीम के गठन में संगठनात्मक आवश्यकताओं, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और पार्टी की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखने के निर्देश दिए गए हैं।


जिला अध्यक्ष ने कहा कि आशीष राणा और प्रगुण गौतम को सौंपी गई नई जिम्मेदारियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। पार्टी के सभी पदाधिकारियों एवं संबंधित इकाइयों को निर्देशित किया गया है कि वे दोनों पदाधिकारियों के साथ उनके नए दायित्वों के अनुरूप संवाद, समन्वय और संगठनात्मक कार्यप्रणाली सुनिश्चित करें।
राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा में संगठन का निर्णय सर्वोपरि है और प्रत्येक पदाधिकारी से अपेक्षा की जाती है कि वह पार्टी की निर्धारित व्यवस्था, अनुशासन और दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन के निर्णयों से किसी भी प्रकार का विचलन या उनकी अवहेलना संगठनात्मक अनुशासनहीनता मानी जाएगी और इसे गंभीरता से लिया जाएगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस फेरबदल से नादौन मंडल में भाजपा संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा युवा मोर्चा सहित मुख्य संगठन की गतिविधियों को और अधिक गति मिलेगी।





