बीड़ बगेहड़ा स्कूल में मनाया किशोर स्वास्थ्य दिवस, भाषण प्रतियोगिता में अन्वी रही प्रथम: डाॅ. सुरेंद्र सिंह डोगर

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बीड़ बगेहड़ा, सुजानपुर टीहरा में वीरवार को किशोर स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।

स्वास्थ्य विभाग ने विद्यार्थियों को किशोरावस्था के बदलावों, पौष्टिक आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति किया जागरूक

 

प्रतियोगिता में छह छात्राओं अलीशा, कशिश, पायल, अन्वी, सृष्टिका और कनिका ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा और विचार प्रस्तुत किए।

प्रतियोगिता में अन्वी (कक्षा 12वीं) ने प्रथम, सृष्टिका (कक्षा 12वीं) ने द्वितीय तथा कनिका (कक्षा 10वीं) ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम में मॉडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, जंगल बेरी के मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज डॉ. सुरिंदर सिंह डोगरा, फीमेल हेल्थ सुपरवाइजर रविंद्रा देवी तथा आशा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया।

 

इस दौरान विद्यार्थियों को फल वितरित किए गए और संतुलित आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित व्यायाम तथा मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. सुरिंदर सिंह डोगरा ने कहा कि किशोरावस्था जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसमें सही जानकारी और स्वस्थ आदतें भविष्य को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं।

 

उन्होंने विद्यार्थियों से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, अपनी समस्याओं पर अभिभावकों, शिक्षकों या स्वास्थ्यकर्मियों से खुलकर चर्चा करने तथा नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ किशोर ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र की नींव हैं।

 

डॉ. डोगरा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्य smt वंदिता भारद्वाज तथा समस्त स्कूल स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी। स्वास्थ्य विभाग एवं विद्यालय के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यह पहल किशोरों के सर्वांगीण विकास और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक सार्थक कदम रही।

[post-views]