



आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- डी.ए.वी. पब्लिक स्कूल आलमपुर ज़िला काँगड़ा हिमाचल प्रदेश में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के तत्वावधान में हिंदी अध्यापकों के लिए दो दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

इस कार्यशाला में 60 से अधिक अध्यापकों ने उत्साह एवं जिज्ञासा के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं डी.ए.वी. गान के साथ किया गया। इस अवसर पर आमंत्रित विषय विशेषज्ञों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।



कार्यशाला में सी.बी.एस.ई. की वरिष्ठ रिसोर्स पर्सन श्रीमती पुष्पा ठाकुर एवं डॉ. मुकेश कुमार व मेजबान स्कूल की रिसोर्स पर्सन राशी हाजरी भी उपस्थित रहीं |






रिसोर्स पर्सन ने हिंदी पाठ्यक्रम – कोर्स (अ) (माध्यमिक स्तर)के तहत हिंदी शिक्षण को अधिक रोचक, प्रभावशाली एवं विद्यार्थी-केंद्रित बनाने के लिए अपने विचार साँझा किए।



उन्होंने विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों एवं वास्तविक जीवन के उदाहरणों के माध्यम से शिक्षकों को नवीन शिक्षण पद्धतियों से अवगत करवाया। साथ ही, व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक शिक्षण विधियों पर प्रकाश डालते हुए कक्षा-कक्ष में कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।





विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों के भावनात्मक, सामाजिक एवं मनोवैज्ञानिक कल्याण को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक, सुरक्षित एवं सहयोगात्मक शैक्षणिक वातावरण विकसित करने पर भी बल दिया।


उन्होंने बताया कि गतिविधि-आधारित शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों में हिंदी विषय के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनकी तार्किक क्षमता एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति को भी विकसित किया जा सकता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा ने अपने संदेश में कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएँ शिक्षकों के ज्ञान एवं कौशल को समृद्ध करने तथा शिक्षण की गुणवत्ता में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने शिक्षकों को नवीन शिक्षण तकनीकों को अपनाने और निरंतर ज्ञानवर्धन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि कार्यशाला से प्राप्त अनुभव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं हिंदी शिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होंगे।
यह कार्यशाला हिंदी शिक्षण में नवाचार, रचनात्मकता एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल है।





