एनएससीबीएम महाविद्यालय हमीरपुर में एनएसएस स्वयंसेवकों ने चलाया स्वच्छता अभियान

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय, हमीरपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया।

इस अभियान का उद्देश्य परिसर को स्वच्छ बनाए रखना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था।

अभियान के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर के विभिन्न हिस्सों की व्यवस्थित रूप से सफाई की। स्वयंसेवकों ने प्लास्टिक की बोतलें, खाद्य पदार्थों के रैपर, कागज तथा अन्य बिखरे हुए कचरे को एकत्रित कर उसका उचित निपटान किया। इस पहल से परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

 

स्वच्छता अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने अन्य विद्यार्थियों को भी स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपने दैनिक जीवन में स्वच्छ आदतें अपनाने, कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने तथा महाविद्यालय परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की। स्वयंसेवकों ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक सदस्य की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता सिंह ने स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन, सहयोग और सेवा भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

 

इस स्वच्छता अभियान का मार्गदर्शन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. विनोद चंद और सहायक प्रोफेसर हर्षा ने किया। उनके नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया।

 

अभियान के माध्यम से एनएसएस स्वयंसेवकों ने विद्यार्थियों और महाविद्यालय समुदाय को प्रेरित किया कि स्वच्छ परिसर, स्वस्थ समाज और सुरक्षित पर्यावरण के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

[post-views]