



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने रविवार को ग्राम पंचायत साहनवीं के मसेरडू गांव में विधायक निधि और स्थानीय जनसहयोग से नवनिर्मित पुल का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया।

25 लाख रुपए से बने पुल का विधायक आशीष शर्मा ने किया उद्घाटन




25 लाख रुपए की लागत से बने इस महत्वपूर्ण पुल से क्षेत्र की आधा दर्जन पंचायतों के करीब तीन दर्जन गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। इस पुल के निर्माण में जनसहयोग का भी विशेष योगदान रहा है।






क्षेत्र के विकास के लिए हूं प्रतिबद्ध, सरकार कोष खोल कर जारी करे विधायक निधि




स्थानीय निवासी अश्वनी शर्मा व ग्रामीणों ने अपनी निजी कमाई से 6 लाख रुपए का योगदान दिया, जबकि शेष राशि विधायक निधि से खर्च की गई। उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक आशीष शर्मा को सम्मानित किया और पुल की चिरलंबित मांग को पूरा करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।






इस अवसर पर विधायक आशीष शर्मा ने क्षेत्रवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का एक प्रतिनिधिमंडल इस पुल के निर्माण की मांग को लेकर उनसे मिला था, जिसके बाद तुरंत विधायक निधि से राशि जारी की गई।



विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विधायक निधि की राशि को आधा कर दिया है जो समय पर विधायकों को जारी नहीं हो रही है। अखबारों में विधायक निधि जारी कर दी जाती है लेकिन धरातल पर दिए गए कामों के लिए कोष से राशि जारी नहीं हो रही है।

तीन तीन माह से बिल लटके हुए हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि विधायक निधि एवं ऐच्छिक निधि को समय पर जारी किया जाएं ताकि विकास कार्य समय अनुसार पूर्ण हो सकें।

स्थानीय पंचायत प्रधान राकेश कुमार ने कहा कि विधायक आशीष शर्मा जनता द्वारा बताए गए हर विकास कार्य को पूरी निष्ठा से पूरा करते हैं। उन्होंने समस्त पंचायत व क्षेत्र की तरफ से विधायक का आभार व्यक्त किया।

वहीं कार्यक्रम के बाद बूथ 74 मसरडू गांव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। इस दौरान झंडूता विधानसभा क्षेत्र के विधायक जेआर कटवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने ग्रामीणों को ‘एसआईआर’ के बारे में जागरूक किया।

समारोह में दानकर्ता अश्वनी शर्मा, उपप्रधान संजय, जिला परिषद सदस्य सुरेश सोनी, बीडीसी अध्यक्ष वासुदेव, उपाध्यक्ष रानी देवी, जिला उपाध्यक्ष राजकुमारी, मंडल अध्यक्ष जसवीर सिंह, महामंत्री अश्वनी, प्रमोद पटियाल, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष ज्योति बाला, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष बलवंत, एससी मोर्चा अध्यक्ष कुलवीर, मंडल उपाध्यक्ष वीरेंद्र, सुनील कुमार, विद्यासागर, वार्ड सदस्य अजय सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



