



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हमीरपुर जिला फुटबॉल संघ की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें आगामी सीनियर स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए जिला टीम के चयन को लेकर चर्चा की गई। प्रतियोगिता का आयोजन मंडी जिला में 14 से 17 नवंबर 2026 तक किया जाएगा।

बड़ू पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड में सुबह 10:30 बजे होंगे ट्रायल, चयनित खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविर में भाग लेना अनिवार्य



इसके लिए हमीरपुर जिला टीम के चयन हेतु ट्रायल 6 नवंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड, बड़ू में आयोजित किए जाएंगे।






ट्रायल में भाग लेने के लिए 200 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इसमें कोई आयु सीमा नहीं रखी गई है तथा वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। खिलाड़ियों का चयन वरिष्ठ फुटबॉल प्रशिक्षकों की समिति द्वारा किया जाएगा।



संघ के अनुसार, चयन प्रक्रिया पूरी होने के दो दिन बाद इसी मैदान में प्रशिक्षण शिविर शुरू होगा। चयनित खिलाड़ियों के लिए शिविर में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।





ये दस्तावेज लाना जरूरी


ट्रायल में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को एक पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, हिमाचली बोनाफाइड प्रमाण पत्र तथा सीआरएस पंजीकरण के लिए आवश्यक अन्य दस्तावेजों की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी।
बैठक में जिला फुटबॉल संघ के प्रधान सुनील दत्त शर्मा, पूर्व प्रधान प्रदीप सिंह, कोषाध्यक्ष संदीप कुमार, लाली, राजीव दलोच, विवेक तथा हिमाचल फुटबॉल संघ के कोषाध्यक्ष नरेश राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जिला फुटबॉल संघ के महासचिव राजीव मिन्हास ने हमीरपुर जिले के सभी वरिष्ठ फुटबॉल खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में ट्रायल में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के पास जिला टीम में स्थान बनाने और आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अच्छा अवसर है।
ट्रायल का विवरण

– तिथि: 6 नवंबर 2026
– समय: सुबह 10:30 बजे
– स्थान: पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड, बड़ू, हमीरपुर
– शुल्क: 200 रुपये
अमित कटोच मीडिया प्रभारी, जिला फुटबॉल संघ, हमीरपुर




