



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की बैठक बुधवार को उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में इस वर्ष जुलाई से अक्तूबर तक के चार महीनों के दौरान जिला में खाद्य सामग्री और रसोई गैस के वितरण तथा खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग से संबंधित अन्य मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।

5,52,010 उपभोक्ताओं को 320 डिपुओं के माध्यम से दी जा रही है खाद्य सामग्री



इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि इन चार महीनों के दौरान जिला के कुल 1,54,430 राशन कार्डों के 5,52,010 उपभोक्ताओं को 320 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से कुल 26.26 करोड़ रुपये से अधिक की खाद्य सामग्री वितरित की गई।






डीसी गंधर्वा राठौड़ ने की योजनाओं की समीक्षा, खाद्यान्नों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश



उपायुक्त ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग और राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों से कहा कि जिला में खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए फील्ड में नियमित रूप से निरीक्षण किए जाने चाहिए। गत चार महीनों के दौरान विभाग के अधिकारियों ने खाद्यान्नों के 55 सैंपल लिए थे, जिनमें से 4 सैंपल फेल पाए गए हैं। इन मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों, दुकानों और गैस एजेंसियों के कुल 875 निरीक्षण किए गए हैं और तीन मामलों में अनियमितता पाए जाने पर लगभग 6463 की जुर्माना राशि भी वसूली गई है। इनमें पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग के मामले भी शामिल हैं।





उपायुक्त ने बताया कि जिला के सभी 5,52,010 उपभोक्ताओं की आधार और मोबाइल नंबरों की सीडिंग हो चुकी है। लगभग 96 प्रतिशत उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी भी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि शेष उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी भी अतिशीघ्र पूरी होनी चाहिए। जिले के 25 राशन डिपुओं में ‘एक राष्ट्र, एक राशन कार्ड’ योजना के तहत प्रवासी श्रमिकों को खाद्यान्न उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।


जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उचित मूल्य की नई दुकानें खोलने के प्रस्तावों को लेकर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई। समिति ने विभाग के निर्धारित मापदंडों को पूरा करने वाले आवेदनों को मंजूरी प्रदान करने का निर्णय लिया। उपायुक्त ने नादौन के बेला क्षेत्र में अत्याधुनिक खाद्यान्न एटीएम स्थापित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए। जिला की सभी 10 गैस एजेंसियों में सिलेंडरों की उपलब्धता और कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई।
इस अवसर पर जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक आंचल कुमारी ने विभिन्न योजनाओं एवं मुद्दों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।




