चबूतरा स्कूल में विद्यार्थियों को बताया पोषण और स्वच्छता का महत्व

सुजानपुर/हमीरपुर:- बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय सुजानपुर ने वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चबूतरा में ‘युवा-पोषण एवं स्वच्छता’ विषय पर एक जागरुकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया।

विद्यार्थियों की रक्त जांच की गई, छात्राओं को दी सेनेटरी पैड की वेंडिंग मशीन एवं इंसीनरेटर

इस अवसर पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए सीडीपीओ कुलदीप सिंह चौहान ने कहा कि पोषण और स्वच्छता जीवन के दो ऐसे मूलभूत पहलू हैं जो किसी भी व्यक्ति के शारीरिक मानसिक, सामाजिक और बौद्धिक विकास का आधार तैयार करते हैं। इन दोनों के बिना स्वस्थ और प्रगतिशील जीवन की कल्पना करना भी संभव नहीं है। उचित पोषण जहां शरीर और मस्तिष्क के इंजन के रूप में कार्य कर एकाग्रता, स्मरण शक्ति और निर्णय लेने की क्षमता को बेहतर बनाता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है, वहीं स्वच्छता हमारी जीवनशैली और सोच को रचनात्मक बनाकर हमारे भीतर पेशेवर सोच उत्पन्न करती है।

उन्होंने कहा कि ‘सर्वे भवंतु निरामय’ के सिद्धांत पर कार्य करते हुए सरकार विभिन्न विभागों के माध्यम से जनमानस, विशेषकर बच्चों और युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरुक कर उन्हें सार्थक और उपयोगी जीवन जीने की ओर प्रेरित कर रही है। इसी कड़ी में, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चबूतरा में भी पोषण एवं व्यक्तिगत स्वच्छता पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

इस अवसर पर विद्यार्थियों के हीमोग्लोबिन की जांच की गई और बॉडी मास इंडेक्स के माध्यम से उनके पोषण के स्तर को भी जांचा गया। छात्राओं को सेनेटरी पैड, इसकी वेंडिंग मशीन तथा सेनेटरी पैड के सही निष्पादन के लिए स्कूल को इंसीनरेटर भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य संजय धीमान और डिस्ट्रिक्ट हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ़ वीमेन की समन्वयक कल्पना कटोच ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया।

 

 

 

 

 

[post-views]