भोरंज में 29 को लगाया जाएगा रैडक्रॉस मेला, प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

भोरंज/हमीरपुर:-  जिला रैडक्रॉस सोसाइटी और उपमंडलीय रैडक्रॉस सोसाइटी के सौजन्य से 29 नवंबर को भोरंज उपमंडल में रैडक्रॉस मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले की रूपरेखा तय करने के लिए एसडीएम एवं उपमंडलीय रैडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष शशिपाल शर्मा ने वीरवार को उपमंडल स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों तथा क्षेत्र की विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

मेले के आयोजन स्थल को लेकर शीघ्र ही लिया जाएगा निर्णय:  एसडीएम

एसडीएम ने बताया कि इस भव्य मेले का आयोजन स्थल शीघ्र ही निर्धारित कर दिया जाएगा। मेले के आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को स्वास्थ्य, रक्तदान और सामाजिक कल्याण के प्रति जागरुक करना तथा अधिक से अधिक लोगों को रैडक्रॉस से जोड़ना है।

स्वास्थ्य जांच शिविर, रक्तदान शिविर और अन्य गतिविधियां हांेगी मुख्य आकर्षण

उन्होंने कहा कि रैडक्रॉस एक ऐसी संस्था है जोकि हमेशा असहाय, गरीब और जरुरतमंद लोगों की मदद करती है। लोग अपने नेक कमाई में से कुछ अंशदान करके रैडक्रॉस से जुड़ सकते हैं। उनकी नेक कमाई से किया गया छोटा सा अंशदान किसी असहाय, गरीब और जरुरतमंद व्यक्ति के काम आ सकता है।

एसडीएम ने बताया कि रैडक्रॉस मेले के दौरान आम लोगों को रक्तदान के प्रति प्रेरित करने के लिए विशाल रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया जाएगा, ताकि आम लोग इस शिविर में अपने स्वास्थ्य की जांच एवं उपचार करवा सकें।

 

एसडीएम ने बताया कि मेले को आकर्षित बनाने के लिए विभिन्न महिला मंडल समूहों और विभागों द्वारा प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। मटका फोड़ प्रतियोगिता, म्यूजिक चेयर, रस्साकसी और अन्य प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी।

इस आयोजन को सफल बनाने के लिए एसडीएम ने अलग-अलग समितियों का गठन करके संबंधित अधिकारियों को जिम्मेवारी सौंपी।

बैठक में तहसीलदार डॉ. आशीष शर्मा, नायब तहसीलदार रवि कुमार, सीडीपीओ सुनील कुमार, अन्य अधिकारी, गरीब दास फाउंडेशन के अध्यक्ष देवराज, रैडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य प्रताप शर्मा, राजेंद्र सिंह, विद्यासागर, विनोद और गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

[post-views]