



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- लंबलू के साथ लगते ग्राम हरनेड स्थित श्री हनुमान मंदिर में 1 नवंबर से आयोजित सात दिवसीय श्री हरिवंश पुराण कथा का 7 नवंबर को धार्मिक श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ विधिवत समापन हो गया।


इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन में कथा वाचक पंडित अजय शर्मा जी ने श्री हरिवंश पुराण के विभिन्न प्रसंगों का सुंदर वर्णन किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, प्रेम, सदाचार एवं सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।



कथा के शुभारंभ अवसर पर 1 नवंबर को महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई थी। सात दिनों तक चले इस धार्मिक आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।






कथा के अंतिम दिन विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात यज्ञ एवं पूर्णाहुति संपन्न करवाई गई। इसके उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के अनेक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।



इस आयोजन को सफल बनाने में श्री हनुमान मंदिर सेवा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा। समापन अवसर पर आयोजकों ने कथा वाचक पंडित अजय शर्मा जी सहित सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।





इस सात दिवसीय धार्मिक आयोजन से ग्राम हरनेड में आध्यात्मिक वातावरण के साथ-साथ आपसी प्रेम, भाईचारे एवं एकता का संदेश प्रसारित हुआ।











































