दिवाली से एक दिन पहले एक ही परिवार में दो मौतें, बेटे के वियोग में मां ने भी तोड़ा दम

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के बड़सर क्षेत्र के समोह गांव में दिवाली की खुशियां मातम में बदल गईं। एक ही परिवार में कुछ घंटों के अंतराल में मां और बेटे की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।

शनिवार सुबह 63 वर्षीय बलदेव सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन उपचार के लिए बड़सर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। बलदेव सिंह जल शक्ति विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे।

बेटे की मौत की खबर सुनकर 85 वर्षीय मां ज्ञानों देवी खुद को संभाल नहीं पाईं। बेटे का शव घर पहुंचते ही वह बेसुध हो गईं। बेटे के वियोग में लगातार रो रहीं ज्ञानों देवी की तबीयत भी कुछ देर बाद बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने पर परिजन अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोपहर करीब 12 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मां-बेटे का अंतिम संस्कार गांव के श्मशानघाट में किया गया। बलदेव सिंह के दो बेटे हैं। छोटा बेटा घर पर रहता है, जबकि बड़ा बेटा बहरीन में नौकरी करता है। पिता की मौत की सूचना मिलने के बाद वह घर लौट रहा है।

दिवाली से ठीक एक दिन पहले परिवार पर टूटे दुखों के इस पहाड़ ने पूरे समोह गांव को गमगीन कर दिया है। गांव के लोग इस मुश्किल घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं।

दिवंगत मां-बेटे को भावभीनी श्रद्धांजलि। ईश्वर शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।

#HamirpurUpdates #Hamirpur #HimachalPradesh #Samoh #SadNews

[post-views]