पटाखे जला रहे पति-पत्नी पर पड़ोसी ने चढ़ा दी थार, दोनों की मौत 

ऊना/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में दिवाली की रात पटाखे जलाने को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि दो लोगों की जान चली गई।

 

घटना ऊना से करीब 10 किलोमीटर दूर बदोली गांव की है। यहां आरोप है कि एक व्यक्ति ने थार गाड़ी से कुचलकर पड़ोस में रहने वाले पति-पत्नी की हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

 

पटाखे जलाने का विरोध करने पर बढ़ा झगड़ा

जानकारी के अनुसार, दिवाली की रात एक परिवार अपने घर के पास पटाखे जला रहा था। इसी दौरान उनके पड़ोसी ने पटाखे चलाने पर आपत्ति जताई।

 

इस बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में कहासुनी बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि गुस्से में आया पड़ोसी अपनी थार गाड़ी लेकर पहुंचा और पटाखे जला रहे परिवार के लोगों को गाड़ी से कुचल दिया।

अस्पताल पहुंचने से पहले नहीं बच सकी दंपती की जान

हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में मातम छा गया और गांव में भी शोक का माहौल है।

 

आरोपी के साथ भी हुई मारपीट

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी के साथ भी मारपीट की। इसमें वह भी घायल हो गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे इलाज के लिए पीजीआई रेफर किए जाने की सूचना है।

ऊना अस्पताल में देर रात हुआ हंगामा

घटना के बाद देर रात ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल में भी काफी हंगामा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

 

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद और दंपती की मौत के पीछे की पूरी वजह का पता लगाया जा रहा है।

 

दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं

जिस दिवाली पर पूरा परिवार खुशियां मना रहा था, उसी रात एक विवाद ने दो लोगों की जिंदगी छीन ली। पटाखे जलाने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि मामला मौत तक पहुंच गया। इस घटना से बदोली गांव सहित पूरे इलाके में दुख और दहशत का माहौल है।

[post-views]