



नई-दिल्ली/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में संसद की कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।


बैठक में भारत गोल्ड माइंस लिमिटेड (BGML) की वर्तमान स्थिति और देश में उपलब्ध स्वर्ण खनन परिसंपत्तियों के भविष्य को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।



घरेलू स्वर्ण उत्पादन बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीक और निजी निवेश को प्रोत्साहन देने पर जोर






बैठक का मुख्य उद्देश्य देश के घरेलू स्वर्ण भंडार का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प के अनुरूप सोने के आयात पर भारत की निर्भरता कम करने के उपायों पर विचार करना था।



इस दौरान खान मंत्रालय ने समिति के सदस्यों को भारत गोल्ड माइंस लिमिटेड में उपलब्ध भंडारों की विस्तृत जानकारी दी। पुरानी टेलिंग डंप में मौजूद सोने एवं अन्य महत्वपूर्ण खनिजों की आधुनिक तकनीकों के माध्यम से पुनर्प्राप्ति की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।





मंत्रालय ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, ड्रोन सर्वेक्षण और एयरो-जियोफिजिकल मैपिंग जैसी अत्याधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल की जानकारी दी, जिससे देश के संभावित स्वर्ण संसाधनों को व्यावसायिक खनन योग्य भंडार में परिवर्तित किया जा सके।


समिति ने उल्लेख किया कि भारत में प्राथमिक अयस्क संसाधनों में 650 टन से अधिक स्वर्ण धातु उपलब्ध है, लेकिन इसका एक सीमित हिस्सा ही वर्तमान में खनन योग्य भंडार के रूप में वर्गीकृत है। वर्ष 2015 से अब तक आठ राज्यों में 27 स्वर्ण खनन ब्लॉकों की नीलामी हुई है, जिनमें से 16 वर्तमान में सक्रिय हैं।
अनुराग ठाकुर ने घरेलू स्वर्ण उत्पादन को गति देने के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी और निजी निवेश को प्रोत्साहित करने पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि आधुनिक अन्वेषण तकनीकों और निवेश के बेहतर अवसरों के माध्यम से भारत अपनी स्वर्ण खनन क्षमता का प्रभावी उपयोग कर सकता है। इससे आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी और आने वाले वर्षों में सोने के आयात पर निर्भरता कम करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।









































