



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने शनिवार को राजकीय उच्च पाठशाला ब्राहलड़ी के वार्षिक उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक तथा अन्य गतिविधियों में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियांे को पुरस्कृत किया।

हाई स्कूल ब्राहलड़ी के वार्षिक उत्सव में स्टेज के निर्माण और बच्चों को 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की




इस अवसर पर सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि ब्राहलड़ी स्कूल और इसके आस-पास के गांवों की सभी समस्याओं के समाधान और विभिन्न सुविधाओं के विस्तार के लिए त्वरित कदम उठाए जाएंगे।







उन्होंने कहा कि स्कूल में स्टेज के निर्माण के लिए धनराशि का प्रावधान किया जाएगा और गांव के सामुदायिक भवन में लाइब्रेरी की स्थापना की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।




ब्राहलड़ी और डुढाणा के मोक्षधाम तक संपर्क सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अतिशीघ्र एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए।






सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि गांव के लगभग 15 परिवारों की पेयजल समस्या के समाधान के लिए हैंडपंप लगाया जाएगा। इसके अलावा पीपल के टियाले के आस-पास भी हैंडपंप लगाया जाएगा।



डुढाणा के मोक्षधाम के पास भी पानी की व्यवस्था की जाएगी और इस क्षेत्र के पास रहने वाले लोगों की जमीन की बाड़बंदी के लिए धनराशि का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को अपनी ओर से ग्यारह हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जिला हमीरपुर के चहुमुखी विकास और यहां बड़ी-बड़ी विकासात्मक परियोजनाओं के लिए किसी भी तरह की कमी नहीं रखी है।
उन्होंने हमीरपुर के लिए मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज, अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज, कैंसर केयर संस्थान, मदर-चाइल्ड अस्पताल, डेडिकेटड साइंस कॉलेज, बस स्टैंड और करोड़ों रुपये की कई अन्य परियोजनाएं मंजूर की हैं। हर हमीरपुरवासी के लिए यह गौरव की बात है।
इससे पहले, मुख्यध्यापक अरुण अत्री ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। जबकि, विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

समारोह में एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमन भारती, वरिष्ठ नेता राजेश आनंद, पार्टी के अन्य नेता, स्थानीय प्रधान रवि प्रकाश, स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थियों के अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।








































