



आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल, आलमपुर, जिला काँगड़ा, हिमाचल प्रदेश में 21 नवंबर 2026 को कक्षा आठवीं ,नवमी , ग्यारहवीं के विद्यार्थियों के लिए अंतर-सदनीय गणित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।


प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित विषय के प्रति रुचि विकसित करना तथा उनकी तार्किक क्षमता, गणनात्मक कौशल, बौद्धिक क्षमता और समस्या-समाधान कौशल को निखारना था।




इस प्रतियोगिता को दो रोचक चरणों में विभाजित किया गया। प्रथम चरण में गणित प्रश्नोत्तरी तथा द्वितीय चरण में गणितीय पहेली समाधान प्रतियोगिता आयोजित की गई। दोनों चरणों में चारों सदनों के प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।







प्रथम चरण की गणित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में महात्मा हंसराज सदन ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि स्वामी आनंद सदन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता सदन की टीम में तनिष्का शर्मा, पुष्पित और मितुल शामिल रहे। वहीं उपविजेता टीम में वंश, दिव्यांश और अर्श शामिल रहे।




द्वितीय चरण की गणितीय पहेली समाधान प्रतियोगिता में पंडित गुरुदत्त विद्यार्थी सदन ने प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि महात्मा हंसराज सदन ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विजेता टीम में अवनिधि, यश और काव्या तथा उपविजेता टीम में लविश , लाबिषा और अर्शिता शर्मा शामिल रहीं।





इस अवसर पर कक्षा ग्यारहवीं (नॉन-मेडिकल) के विद्यार्थियों शौर्य शर्मा और केशव ने फिबोनाकी श्रेणी पर एक ज्ञानवर्धक प्रस्तुति भी दी, जिसके माध्यम से उन्होंने गणित की रोचक अवधारणाओं को सरल एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।


प्रतियोगिता के दोनों चरणों में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता एवं उपविजेता सदनों के प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इससे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन हुआ तथा उनमें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा जागृत हुई।कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के गणित विभाग के अध्यापकों के मार्गदर्शन में किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा ने अपने संदेश में कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, उत्साह एवं प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।









































