



ग्रामीण

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- नराजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झगरियाणी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।



झगरियाणी स्कूल का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह धूमधाम से संपन्न, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा रहे मुख्य अतिथि







विद्यालय पहुंचने पर स्कूल प्रबंधन समिति, अध्यापकों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।



शिवनगरी–तलास सड़क के लिए 9 करोड़ रुपये की स्वीकृति, विद्यालय विकास के लिए 2 लाख तथा शौचालय निर्माण के लिए 2.50 लाख रुपये का प्रावधान






समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।



इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने शिक्षा, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर जनसमूह को संबोधित करते हुए डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि **धनेड़, झगरियाणी और आसपास का यह संपूर्ण क्षेत्र उनके दिल के बेहद करीब है।** उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में आज भी कई मूलभूत सुविधाओं का अभाव है और इन कमियों को दूर करने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जी के सहयोग और आशीर्वाद से **शिवनगरी–तलास सड़क के निर्माण के लिए 9 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त की गई है।** उन्होंने कहा कि इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
डॉ. वर्मा ने बताया कि **विद्यालय के विकास के लिए 2 लाख रुपये तथा शौचालय निर्माण के लिए 2 लाख 50 हजार रुपये** का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अच्छा वातावरण मिल सके।

क्षेत्रवासियों को एक और खुशखबरी देते हुए उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जी के आशीर्वाद से **शीघ्र ही धनेड़ बाजार का चौक सोलर हाई मास्ट लाइट की रोशनी से जगमगाएगा।** इससे स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों तथा आम जनता को सुविधा मिलेगी और बाजार की सुंदरता भी बढ़ेगी।
शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जी का दृढ़ संकल्प है कि प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बच्चों को एक समान स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि गांव में पढ़ने वाला बच्चा किसी भी दृष्टि से शहर में पढ़ने वाले बच्चे से पीछे नहीं रहना चाहिए। हर बच्चे को अपनी प्रतिभा निखारने और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता हासिल करने के समान अवसर मिलने चाहिए।
उन्होंने कहा कि **शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर आत्मविश्वास, संघर्ष करने की क्षमता, नेतृत्व और जीवन की चुनौतियों का सामना करने का साहस पैदा करना भी है।**
डॉ. वर्मा ने वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोहों के महत्व पर विशेष जोर देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अद्भुत भूमिका निभाते हैं। मंच पर प्रस्तुति देने से बच्चों की झिझक दूर होती है, उनमें आत्मविश्वास पैदा होता है और उनकी छिपी प्रतिभा को सामने आने का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि **प्रदेश के प्रत्येक सरकारी विद्यालय को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित करने के लिए अलग से बजट उपलब्ध करवाया जाना चाहिए।** उन्होंने आश्वासन दिया कि वह इस संबंध में माननीय मुख्यमंत्री जी से विशेष आग्रह करेंगे कि प्रत्येक विद्यालय के लिए वार्षिक समारोह हेतु बजट का प्रावधान किया जाए, ताकि संसाधनों की कमी किसी भी बच्चे की प्रतिभा और आत्मविश्वास के विकास में बाधा न बने।
डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए उनका प्रयास लगातार जारी रहेगा और जनता की प्रत्येक जायज मांग को सरकार तक पहुंचाकर उसका समाधान करवाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि **बच्चे हमारे प्रदेश का भविष्य हैं और उनके सपनों को साकार करने के लिए बेहतर शिक्षा, अच्छे संस्कार और समान अवसर उपलब्ध करवाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।**
समारोह के अंत में डॉ. वर्मा ने विद्यालय प्रबंधन, अध्यापकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत धनेड़ की प्रधान किरण शर्मा, ग्राम पंचायत सेर बलौनी की प्रधान नीलम शर्मा, ग्राम पंचायत ललीन की प्रधान सोनिका शर्मा, बीडीसी सदस्य श्वेता वर्मा, बीडीसी सदस्य एकता वर्मा, पूर्व प्रधान जुगल किशोर, कैप्टन बलदेव, यशवीर जंबाल, बलवीर जंबाल, कैप्टन हंसराज, हेमराज भारद्वाज, हेम नरोत्रा, अरविंद सोनी सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, अध्यापक, अभिभावक और क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








































