निस्वार्थ भाव सेवा संगठन की पहल: चबूतरा में रोजगार मेले का आयोजन, 15–20 युवाओं के लिए रोजगार की राह हुई प्रशस्त

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  चबूतरा (सुजानपुर टीहरा, हमीरपुर): युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने और उनके भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से आज पंचायत सामुदायिक केंद्र चबूतरा में निस्वार्थ भाव सेवा संगठन के सानिध्य तथा हिमालयन ग्रुप ऑफ फाउंडेशन, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ के तत्वावधान में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रधान श्री रजनीश कुमार का विशेष सहयोग रहा।

रोजगार मेले में लगभग 15 से 20 युवाओं के बायोडाटा एवं शैक्षणिक योग्यताओं के आधार पर आवेदन प्राप्त किए गए। बद्दी, बरोटीवाला एवं नालागढ़ की इवान सिक्योरिटी, SIS सिक्योरिटी, शिपला फार्मास्यूटिकल तथा महिंद्रा एंड महिंद्रा सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं के साक्षात्कार लिए।

चयन प्रक्रिया के अगले चरण में योग्य अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता एवं क्षमता के अनुरूप कंपनियों में रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए बुलाया जाएगा।

इस अवसर पर हिमालयन संस्था के प्रबंधक अध्यक्ष डॉ. रणेश राणा, डॉ. सुरिंदर सिंह डोगरा एवं पंचायत प्रधान श्री रजनीश कुमार ने इस पहल को युवाओं के आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में एक सार्थक प्रयास बताया।

 

निस्वार्थ भाव सेवा संगठन की ओर से अध्यक्ष श्री मोहन सिंह डोगरा ने सभी सहयोगी संस्थाओं, कंपनी प्रतिनिधियों एवं पंचायत प्रधान का आभार व्यक्त किया।

 

संगठन का उद्देश्य केवल सामाजिक सेवा तक सीमित नहीं, बल्कि युवाओं को सम्मानजनक रोजगार, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध करवाना भी है।

 

इसी संकल्प के साथ भविष्य में भी पूर्व विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर सहित जिला हमीरपुर के विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा।

 

निस्वार्थ भाव सेवा संगठन का विश्वास है कि किसी युवा को सही अवसर देना केवल उसे रोजगार देना नहीं, बल्कि उसके परिवार और समाज के भविष्य को संवारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

 

नर सेवा, नारायण सेवा।

[post-views]