विश्व मत्स्य दिवस पर NSCBM कॉलेज में विशेष कार्यक्रम, मत्स्य विविधता और जलीय संरक्षण पर विशेषज्ञों ने साझा किए शोध अनुभव

 

 

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  NSCBM राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के प्राणी विज्ञान विभाग की ओर से आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को विश्व मत्स्य दिवस के उपलक्ष्य पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मत्स्य संसाधनों के महत्व, जलीय जैव विविधता के संरक्षण, जल गुणवत्ता तथा टिकाऊ मत्स्य पालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर विशेषज्ञ व्याख्यान, शोध प्रस्तुतियां और मछली प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रोफेसर प्रेमलता ने किया। उन्होंने उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों, विशेषज्ञ वक्ताओं और विद्यार्थियों का स्वागत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता सिंह, उपप्राचार्य डॉ. नीलम गुलरिया, डॉ. संदीप कुमार, प्रोफेसर हर्षा, वनस्पति विज्ञान विभाग के अध्यक्ष सहित अन्य प्राध्यापकों को बैज लगाकर सम्मानित किया गया।

 

प्राचार्य डॉ. संगीता सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मछलियां न केवल मानव जीवन में पोषण और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि जलीय पारिस्थितिकी तंत्र का संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने मत्स्य पालन को पर्यटन और स्वरोजगार से जोड़ने की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए जलीय संसाधनों के सतत विकास एवं संरक्षण पर बल दिया।

 

कार्यक्रम में विशेषज्ञ वक्ता डॉ. कपिल कौल ने “स्वस्थ जलीय पारिस्थितिकी तंत्र, टिकाऊ मत्स्य संसाधन : जैव विविधता आधारित दृष्टिकोण” विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने मीठे पानी, समुद्री और खारे-मीठे पानी की मत्स्य संपदा के बारे में जानकारी दी। साथ ही जलीय प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन तथा अन्य पर्यावरणीय चुनौतियों के मछलियों और उनके प्राकृतिक आवासों पर पड़ने वाले प्रभावों को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि मत्स्य संसाधनों के दीर्घकालीन संरक्षण के लिए जलीय जैव विविधता का संरक्षण आवश्यक है।

 

इसके बाद डॉ. संदीप कुमार ने “मीठे पानी के पारिस्थितिकी तंत्र में जल गुणवत्ता के भौतिक-रासायनिक एवं जैविक मानकों का आकलन” विषय पर अपनी शोध प्रस्तुति दी। उन्होंने जल गुणवत्ता के विभिन्न भौतिक, रासायनिक और जैविक मानकों की जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छ एवं संतुलित जल स्वस्थ जलीय जीवन और मत्स्य संसाधनों का आधार है।

 

प्रोफेसर हर्षा ने “हिमाचल प्रदेश में ब्यास नदी के एक क्षेत्र में मत्स्य विविधता एवं जल विश्लेषण की वर्तमान स्थिति” विषय पर शोध प्रस्तुति दी। उन्होंने अपने शोध के दौरान प्राप्त विभिन्न मछली प्रजातियों की जानकारी दी तथा गर्रा गोटाइला, कॉमन कार्प, गोल्डन महासीर और बारिलियस बेंडेलिस सहित विभिन्न प्रजातियों का प्रदर्शन कर उनकी पहचान एवं विशेषताओं से विद्यार्थियों को अवगत करवाया।

 

कार्यक्रम में सिद्धांत ने “हिमाचल प्रदेश की गिरि नदी की मत्स्य विविधता का अध्ययन” विषय पर शोध प्रस्तुति दी। उन्होंने गिरि नदी में पाई जाने वाली विभिन्न मछली प्रजातियों, उनकी शारीरिक संरचना, पंखों एवं शल्कों की विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मछलियों की पहचान एवं वर्गीकरण में इन बाह्य संरचनात्मक लक्षणों का विशेष महत्व है।

 

इस अवसर पर विभाग की ओर से मछली प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें विभिन्न मछली प्रजातियों को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों एवं प्राध्यापकों को मछलियों की विविधता, पहचान और उनके पारिस्थितिक महत्व को करीब से जानने का अवसर मिला।

 

कार्यक्रम के अंत में प्रोफेसर प्रेमलता ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, विशेषज्ञ वक्ताओं, प्राध्यापकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

 

इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को मत्स्य विविधता, जल गुणवत्ता, जलीय प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

[post-views]