



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला हमीरपुर का प्रतिनिधिमंडल हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के सचिन महोदय से मिला मिला जिसमें 29 नवंबर को हिमाचल प्रदेश में आयोजित होने वाली तीन महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं की तिथियां एक ही दिन निर्धारित किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है।

परिषद ने हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग से इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने सेक्शन ऑफिसर इकबाल सिंह के माध्यम से हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के चेयरमैन जी को ज्ञापन भेजा गया है।



परिषद का कहना है कि 29 नवंबर को HP पुलिस ग्राउंड टेस्ट, HP पटवारी परीक्षा तथा HP हाईकोर्ट क्लर्क की परीक्षा निर्धारित की गई है। इन तीनों परीक्षाओं के लिए प्रदेश के हजारों युवाओं ने आवेदन किया है। अनेक अभ्यर्थी ऐसे हैं जिन्होंने तीनों परीक्षाओं के लिए आवेदन किया है तथा लंबे समय से कड़ी मेहनत और लगन के साथ तैयारी कर रहे हैं।






एक ही दिन तीन महत्वपूर्ण परीक्षाएं आयोजित होने के कारण अभ्यर्थियों के सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। उन्हें मजबूरन किसी एक परीक्षा का अवसर छोड़ना पड़ सकता है। इससे न केवल उनकी महीनों की मेहनत प्रभावित होगी, बल्कि आवेदन शुल्क और बहुमूल्य समय भी व्यर्थ होने की आशंका है।



अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का मानना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तिथियां निर्धारित करते समय विभिन्न विभागों एवं भर्ती एजेंसियों के बीच उचित समन्वय होना चाहिए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण अवसर से वंचित न होना पड़े।





परिषद ने मांग की है कि अभ्यर्थियों के भविष्य एवं उनके हितों को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जाए और इन परीक्षाओं की तिथियों में आवश्यक बदलाव किया जाए।


अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रदेश सरकार एवं संबंधित भर्ती आयोग से आग्रह किया है कि हजारों युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए इस गंभीर विषय पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि किसी भी योग्य अभ्यर्थी को परीक्षा तिथियों के टकराव के कारण अपने अवसर का त्याग न करना पड़े।









































