



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को भी प्रतिष्ठित पब्लिक स्कूलों के समान आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ की गई महत्वाकांक्षी योजना- राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल योजना के तहत जिला हमीरपुर के पांचों विधानसभा क्षेत्रों हमीरपुर, नादौन, भोरंज, बड़सर और सुजानपुर के लिए राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्वीकृत किए गए हैं। इन स्कूलों के निर्माण एवं विभिन्न सुविधाओं के विस्तार के लिए करोड़ों रुपये का प्रावधान किया गया है।

हमीरपुर के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में बनाए जा रहे हैं राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल




मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर को सीबीएसई के साथ-साथ राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल का दर्जा भी दिया है।






सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा ने बताया कि राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल योजना के तहत इस संस्थान में विभिन्न सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।



इसके अलावा नादौन विधानसभा क्षेत्र के गांव अमलैहड़, भोरंज विधानसभा क्षेत्र के गांव करहा, बड़सर विधानसभा क्षेत्र के गांव कोहडरा और सुजानपुर के करोट में भी राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों के नए भवनों के निर्माण के लिए करोड़ों रुपये का प्रावधान किया गया है।





अमलैहड़ में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल की प्रथम फेज का कार्य अंतिम चरण में है। इस स्कूल की प्राइमरी विंग जल्द ही आरंभ हो जाएगी।


इसी प्रकार, भोरंज के गांव करहा में भी लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से डे-बोर्डिंग स्कूल के विभिन्न भवनों के कार्य चल रहे हैं। बड़सर के गांव कोहडरा और सुजानपुर के गांव करोट में भी करोड़ों रुपये की लागत से राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल के भवनों के कार्य प्रगति पर हैं।
इस प्रकार, प्रदेश सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं में से एक ‘राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल’ के क्रियान्वयन की दिशा में जिला हमीरपुर में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
इन स्कूलों में विद्यार्थियों को शैक्षणिक सुविधाओं के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों के लिए भी आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान किया जाएगा।
इन स्कूलों में आम परिवारों के बच्चों को भी वे सभी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी जोकि आम तौर पर बड़े एवं महंगे पब्लिक स्कूलों में ही मिलती हैं।

आम परिवारों के बच्चों को अत्याधुनिक शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा उन्हें पूरे आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल निःसंदेह एक मील का पत्थर साबित होंगे।








































