सरकार के चार वर्ष पूरे होने पर 11 दिसंबर को सुजानपुर में आयोजित होगा भव्य समारोह: डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने आज ग्राम पंचायत साहणवी के जलगांव का दौरा कर ग्रामीणों के साथ बैठक की तथा प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 11 दिसंबर को सुजानपुर में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

ग्राम पंचायत साहणवी के जलगांव में ग्रामीणों को दिया समारोह का न्योता, सुनीं जनसमस्याएं और मौके पर करवाया समाधान

डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि पिछले चार वर्षों में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में जलगांव सहित हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की अनेक समस्याओं का समाधान किया गया है। जो कार्य अभी शेष हैं, उन्हें भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा।

 

इस अवसर पर महिला मंडल की प्रधान एवं वार्ड पंच ने महिला मंडल भवन में टाइलें लगवाने की मांग रखी। डॉ. वर्मा ने आश्वासन दिया कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा। वहीं, गांव के लगभग पांच से सात परिवारों द्वारा उठाई गई लो-वोल्टेज की समस्या का भी मौके पर संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समाधान करवाया गया।

हमीरपुर का सौभाग्य है कि प्रदेश को इसी जिले से मिला मुख्यमंत्री : डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा

 

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि यह पूरे हमीरपुर जिले के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है कि प्रदेश का नेतृत्व हमारे अपने जिले के लोकप्रिय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू कर रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने सरकार के चार वर्ष पूरे होने का ऐतिहासिक समारोह अपने गृह जिले हमीरपुर के सुजानपुर में आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह आयोजन केवल सरकार की उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता के विश्वास, सहयोग और विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक होगा।

 

डॉ. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने कार्यकाल के चौथे वर्ष का यह महत्वपूर्ण पड़ाव अपने घर, अपने लोगों और पूरे हिमाचल प्रदेश की जनता के साथ मिलकर मनाना चाहते हैं। उन्होंने ग्रामीणों को 11 दिसंबर के समारोह की रूपरेखा, वहां पहुंचने की व्यवस्था तथा अन्य तैयारियों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

 

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास के नए आयाम छू रहा हमीरपुर जिला

 

डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हमीरपुर जिले में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज हमीरपुर जिला शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, पर्यटन और परिवहन के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।

 

उन्होंने कहा कि हमीरपुर में विशाल मेडिकल कॉलेज परिसर को एक आधुनिक मेडिकल सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में जिले सहित पूरे प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

 

इसी प्रकार नादौन में विश्वस्तरीय इंडोर खेल स्टेडियम का निर्माण क्षेत्र को खेलों के एक बड़े केंद्र के रूप में स्थापित करेगा और यह स्टेडियम आने वाले समय में उत्तर भारत की पहचान बनेगा।

 

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नादौन में एक भव्य होटल का निर्माण किया जा रहा है, जिससे पर्यटन गतिविधियों के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

 

उन्होंने कहा कि हमीरपुर में प्रस्तावित बहुमंजिला आधुनिक बस अड्डा केवल यात्रियों के आवागमन का केंद्र नहीं होगा, बल्कि इसमें अनेक अन्य जनसुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त जिले में हेलीपोर्ट की सुविधा विकसित की जा रही है, जिससे भविष्य में चंडीगढ़, शिमला और धर्मशाला जैसे प्रमुख स्थानों के लिए हेली टैक्सी सेवाओं का मार्ग प्रशस्त होगा।

 

डॉ. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर जिले के विकास को नई दिशा दी है। आज जिले में जो बड़ी परियोजनाएं आकार ले रही हैं, वे आने वाली पीढ़ियों के लिए विकास और समृद्धि की मजबूत नींव साबित होंगी।

 

11 दिसंबर को सुजानपुर में बड़ी संख्या में पहुंचेंगे जलगांव के ग्रामीण

 

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने भी अपने विचार रखे तथा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की। सभी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 11 दिसंबर को सुजानपुर में आयोजित प्रदेश सरकार के चार वर्ष के बेमिसाल कार्यकाल के समारोह में जलगांव से अधिक से अधिक संख्या में लोग भाग लेंगे।

 

अंत में डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने ग्रामीणों के स्नेह, विश्वास और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आशीर्वाद और जनता के सहयोग से हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

[post-views]