



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भारतीय जनता पार्टी की पूर्व विधायक एवं प्रदेश महिला मोर्चा की महामंत्री कमलेश कुमारी ने कांग्रेस सरकार पर हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लगातार कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आज प्रदेश कर्ज के बोझ तले दबता जा रहा है और इसका खामियाजा आने वाली पीढ़ियों को भुगतना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि CAG के अनुसार वर्ष 2024-25 के अंत में हिमाचल प्रदेश का बकाया सार्वजनिक ऋण ₹96,422 करोड़ पहुंच गया, जो राज्य के GSDP का लगभग 42 प्रतिशत है। इसी अवधि में प्रदेश का राजस्व घाटा ₹6,805 करोड़ और राजकोषीय घाटा ₹12,611 करोड़ रहा। ये आंकड़े प्रदेश की गंभीर वित्तीय स्थिति को दर्शाते हैं।



कमलेश कुमारी ने कहा कि एक ओर सरकार लगातार कर्ज ले रही है और दूसरी ओर सरकारी एवं सार्वजनिक संपत्तियों से जुड़े फैसलों को लेकर जनता के मन में सवाल उठ रहे हैं। हिमाचल की जमीन, जल, जंगल, पर्यटन संपदा, सरकारी भवन और सार्वजनिक परिसंपत्तियां किसी सरकार की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता की अमानत हैं।






उन्होंने सरकार से मांग की कि सार्वजनिक संपत्तियों से जुड़े सभी प्रमुख निर्णयों, उनके मूल्यांकन और उनसे होने वाले आर्थिक लाभ का पूरा ब्यौरा जनता के सामने रखा जाए तथा इस विषय पर श्वेतपत्र जारी किया जाए।



उन्होंने कहा कि कर्ज आज सरकार ले रही है, लेकिन उसका ब्याज और मूलधन आने वाली पीढ़ियों को चुकाना पड़ेगा। सरकार को अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण कर प्रदेश की आय बढ़ाने के स्थायी स्रोत विकसित करने चाहिए।





कमलेश कुमारी ने कहा कि हिमाचल को कर्ज लेकर व्यवस्था चलाने की नहीं, बल्कि आय बढ़ाने, खर्च घटाने और जनता की संपत्ति सुरक्षित रखने की नीति चाहिए। प्रदेश के वर्तमान और भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।











































