



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- हिमाचल प्रदेश में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत विद्यार्थियों को दी जाने वाली ऑन द जॉब ट्रेनिंग (ओ.जे.टी.) के खर्च को लेकर गंभीर विसंगतियां सामने आई हैं।


सूचना के अधिकार (आर.टी.आई.) के तहत प्राप्त जानकारी और विधानसभा में अतारांकित प्रश्न संख्या 2049 के जवाब में शिक्षा विभाग द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों में भारी अंतर है।




बड़सर के विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने इस मामले पर सुक्खू सरकार को घेरते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच करवाने और सरकारी धन का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की है।






इन्द्रदत्त लखनपाल ने कहा कि हैरानी की बात है कि एक ही विभाग, एक ही शैक्षणिक सत्र 2025-26 और एक ही प्रशिक्षण योजना के संबंध में दो अलग-अलग सरकारी आंकड़े सामने आए हैं।



आर.टी.आई. के जवाब में विभाग ने 5,221 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण देने और इस पर ₹7,78,88,415 खर्च करने की जानकारी दी है, जबकि विधानसभा में दिए गए जवाब के अनुसार 4,221 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया और ₹6,20,48,700 खर्च हुए।





दोनों आंकड़ों में 1,000 विद्यार्थियों और ₹1,58,39,715 यानी लगभग 1.58 करोड़ रुपये का अंतर है। सवाल यह है कि एक ही विभाग के दोनों जवाबों में से सही कौन-सा है? यदि 5,221 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया तो विधानसभा में 1,000 विद्यार्थियों की संख्या कम क्यों बताई गई? वहीं, यदि वास्तविक संख्या 4,221 है तो RTI के जवाब में अतिरिक्त 1,000 विद्यार्थियों और उन पर हुए खर्च का विवरण किस आधार पर दिया गया?


उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य आंकड़ों की त्रुटि बताकर टालने वाला मामला नहीं है, बल्कि सरकारी खजाने से खर्च हुई करोड़ों रुपये की जनता की मेहनत की कमाई का हिसाब देने का विषय है।
विधायक ने बताया कि विधानसभा में प्रस्तुत जवाब के अनुसार प्रत्येक विद्यार्थी के तीन दिवसीय प्रशिक्षण पर ₹14,700 खर्च किए गए, यानी प्रतिदिन ₹4,900 की दर से संबंधित कंपनी के माध्यम से प्रशिक्षण करवाया गया। विभाग ने इस राशि में भोजन, परिवहन, होटल में आवास और अन्य खर्च भी शामिल बताए हैं। ऐसे में यह जानना आवश्यक है कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की वास्तविक उपस्थिति का रिकॉर्ड कहां है? संबंधित कंपनी को भुगतान किस आधार पर किया गया? बिल-वाउचर और प्रशिक्षण संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन किस अधिकारी ने किया? आखिर विभाग को RTI और विधानसभा में अलग-अलग आंकड़े प्रस्तुत करने की आवश्यकता क्यों पड़ी?
इन्द्रदत्त लखनपाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू लगातार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की बात करते हैं, लेकिन उन्हीं की सरकार के शिक्षा विभाग के दो आधिकारिक जवाबों में विद्यार्थियों की संख्या और सरकारी खर्च में इतना बड़ा अंतर सामने आना सरकार की पारदर्शिता और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने मांग की कि सरकार इस मामले को दबाने अथवा सामान्य विभागीय गलती बताकर टालने के बजाय निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच करवाए। RTI और विधानसभा में दिए गए दोनों जवाबों का विस्तृत मिलान किया जाए, प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की वास्तविक संख्या एवं उपस्थिति का सत्यापन हो तथा संबंधित फर्म को किए गए भुगतान के सभी बिल, वाउचर और अन्य दस्तावेजों का विशेष ऑडिट करवाया जाए। यदि जांच में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं के भविष्य और जनता की मेहनत की कमाई के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जा सकती। सरकार को स्पष्ट करना होगा कि इस योजना के तहत वास्तव में कितने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया गया और सरकारी खजाने से खर्च हुई राशि का सही हिसाब क्या है।
मुख्यमंत्री से सीधे सवाल करते हुए इन्द्रदत्त लखनपाल ने कहा कि प्रदेश की जनता को भाषण नहीं, बल्कि इन विरोधाभासी आंकड़ों का जवाब चाहिए। एक हजार विद्यार्थियों का अंतर आखिर कैसे आया? करीब 1.58 करोड़ रुपये के खर्च में इतना बड़ा अंतर क्यों है? क्या सरकार इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर सच्चाई सामने लाएगी या इस गंभीर प्रकरण पर चुप्पी साधे रखेगी?
उन्होंने कहा कि जनता के पैसे का हिसाब मांगना हमारा अधिकार है और उस हिसाब को पारदर्शिता के साथ सामने रखना सरकार की जिम्मेदारी है। इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।








































