हिम अकादमी स्कूल में करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सही करियर चयन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से करियर काउंसलिंग सेमिनार का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर प्रसिद्ध शिक्षाविद्, लेखक, शैक्षिक वक्ता एवं मार्गदर्शक सतीश शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के करियर काउंसलिंग इंचार्ज अनूप रांगड़ा भी उपस्थित रहे।

सेमिनार के दौरान  सतीश शर्मा ने विद्यार्थियों को उनकी रुचियों, अभिरुचियों, क्षमताओं एवं व्यक्तित्व के अनुरूप करियर का चयन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विभिन्न शैक्षणिक धाराओं, उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रमों, प्रतिष्ठित महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों तथा भविष्य में उपलब्ध करियर के अवसरों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को JEE एवं NEET जैसी प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रभावी रणनीतियों, समय प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारण के महत्त्व से भी अवगत करवाया।

 

इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों की करियर संबंधी जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें सोच-समझकर भविष्य की योजना बनाने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।

सतीश शर्मा ने विद्यार्थियों को केवल अंकों तक सीमित न रहकर तार्किक चिंतन, समस्या समाधान, आत्मविश्वास एवं निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन, स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास सफलता की दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

यह सेमिनार विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। इस आयोजन से विद्यार्थियों को अपने भविष्य के लिए उचित दिशा चुनने तथा उपलब्ध शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अवसरों को समझने में सहायता मिली।

 

[post-views]