



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजिंदर सिंह राणा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार आंतरिक गुटबाजी, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अराजकता का शिकार हो चुकी है। स्थिति यह है कि कांग्रेस के विधायक और मंत्री ही सरकार को अल्टीमेटम दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि मंत्री पदों को लेकर विधायकों को भ्रमित किया जा रहा है, जबकि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी स्पष्ट कर चुकी हैं कि हाईकमान को किसी नाम की सिफारिश नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि मंत्री बनाने का अधिकार हाईकमान का है तो मुख्यमंत्री नियुक्तियों में बाधा क्यों बन रहे हैं।




हमीर होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में राणा ने हमीरपुर बस अड्डे के निर्माण में गंभीर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि 12 मार्च 2024 को 45 करोड़ रुपये का टेंडर निकला, जो लगभग 34 करोड़ में आवंटित हुआ था। 18 महीने की निर्धारित अवधि के बावजूद काम में देरी पर पेनल्टी नहीं लगाई गई और बिना दोबारा टेंडर किए परियोजना की लागत 123 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जबकि करीब 100 करोड़ रुपये का भुगतान भी हो चुका है। उन्होंने परिवहन मंत्री और उपमुख्यमंत्री की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि विधानसभा में उपमुख्यमंत्री ने बस अड्डे को जीएडी के अधीन बताया, जबकि वे स्वयं संबंधित कमेटी में नहीं हैं।






राणा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में टेंडर दलाली का गिरोह दोबारा सक्रिय है। विपक्ष द्वारा भ्रष्टाचार पर सवाल उठाने पर एफआईआर दर्ज की जा रही हैं, लेकिन भाजपा ऐसे मामलों को लेकर चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने विधायक निधि रोकने, चुनिंदा विधायकों को बैकडोर से फंडिंग देने, हमीरपुर नगर निगम के चुनाव दो वर्षों से लंबित रखने और 70 टेंडर ऑफलाइन करवाने पर भी सरकार को घेरा। पेंशनर बुजुर्गों पर एफआईआर को उन्होंने तानाशाही करार दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा ने कभी सरकार गिराने का प्रयास नहीं किया, बल्कि राज्यसभा चुनाव में हिमाचल के नेता को समर्थन दिया था। सरकार के चार साल के जश्न को उन्होंने कर्ज, लूट और चुनावी गारंटियों की वादाखिलाफी का उत्सव बताया।



ऑपरेशन सिंदूर पर मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण, भारतीय सेना के शौर्य का अपमान बर्दाश्त नहीं: राकेश ठाकुर





भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा लगातार बढ़ी है। एशिया पावर रैंकिंग में भारत को अमेरिका और चीन के बाद तीसरी सबसे बड़ी शक्ति का स्थान मिलना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विधानसभा के शीतकालीन सत्र में कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा ऑपरेशन सिंदूर पर की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने इस अभियान में अदम्य साहस, वीरता और पराक्रम का परिचय दिया। सेना के शौर्य और बलिदान पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है। भारतीय सेना देश की आन, बान और शान है तथा उसके सम्मान के विषय पर राजनीति से ऊपर उठकर सभी दलों को एकजुट रहना चाहिए।


इस अवसर पर भाजपा शहरी निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अजमेर सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे।









































