



नई-दिल्ली/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह देने की चुनावी गारंटी से मुकरने पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पूरी कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला।


उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनावों में प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस के तमाम नेताओं ने बड़े-बड़े मंचों से प्रदेश की प्रत्येक महिला को 1,500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी।



मुख्यमंत्री से लेकर मंत्रियों तक ने इस वादे को जोर-शोर से प्रचारित किया, लेकिन सत्ता में आने के बाद कांग्रेस ने प्रदेश की लाखों माताओं-बहनों के साथ विश्वासघात किया।






अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार के अपने आंकड़ों के अनुसार इस योजना के लिए प्राप्त 8.25 लाख आवेदनों में से 7.69 लाख आवेदन, यानी लगभग 93 प्रतिशत, खारिज कर दिए गए हैं और केवल करीब 50 हजार आवेदन ही स्वीकृत हुए हैं।



चुनाव के समय कांग्रेस ने वादा किया था कि एक परिवार में एक महिला को 1,500, दो महिलाओं को 3,000, तीन को 4,500 और चार महिलाओं को 6,000 रुपये मिलेंगे। उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल और प्रियंका गांधी ने चुनाव के दौरान ऐसी शर्तों का कोई जिक्र किया था?





आज चार साल बाद भी हिमाचल की बहनें अपने हक के पैसे के लिए भटक रही हैं, लेकिन गांधी परिवार जनता के बीच आने का साहस नहीं जुटा पा रहा।


ठाकुर ने कहा कि गांधी परिवार और कांग्रेस की राजनीति शुरू से ही झूठे नारों और राजनीतिक छलावे पर आधारित रही है। इंदिरा गांधी के समय के गरीबी हटाओ नारे से लेकर आज तक कांग्रेस ने जनता को सपने दिखाकर सत्ता का लाभ उठाया।
एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की आर्थिक प्रगति, घटती गरीबी और प्रभावशाली कूटनीति की दुनिया सराहना कर रही है, वहीं राहुल गांधी विदेशों में बिना तथ्यों और आंकड़ों के भारत के विरुद्ध बयानबाजी कर देश की छवि खराब करने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से चार सीधे सवाल पूछे। यदि योजना में शर्तें लागू करनी थीं तो चुनाव से पहले उनका खुलासा क्यों नहीं किया गया? दोनों नेता हिमाचल आकर प्रेस वार्ता कर बहनों को अपने वादे का हिसाब क्यों नहीं देते? जब केवल 100 में से सात महिलाओं को लाभ देने की बात हो रही है, तो शेष महिलाओं के अब तक के 72,000 रुपये का हिसाब कौन देगा? और जिस गारंटी के आधार पर सरकार बनी, उसे पूरा न कर पाने पर क्या मुख्यमंत्री को पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार है?
अनुराग ठाकुर ने गोवा, उत्तराखंड, पंजाब और मणिपुर की माताओं-बहनों से भी अपील की कि वे कांग्रेस की चुनावी मुफ्तखोरी और झूठी गारंटियों के झांसे में आने से पहले हिमाचल की महिलाओं के साथ हुए इस विश्वासघात को अवश्य समझें। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस को हर वादे का जवाब जनता को देना होगा।









































