राष्ट्रीय साहसिक प्रशिक्षण शिविर में अंकिता ने बढ़ाया NSCBM कॉलेज हमीरपुर का गौरव

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय, हमीरपुर की बी.कॉम द्वितीय वर्ष की छात्रा अंकिता ने राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित साहसिक प्रशिक्षण शिविर में भाग लेकर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।

 

अंकिता का चयन 12 से 21 नवंबर, 2026 तक अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान (ABVIMAS), मनाली में आयोजित दस दिवसीय राष्ट्रीय साहसिक प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ था।

 

शिविर के दौरान अंकिता ने विभिन्न साहसिक एवं चुनौतीपूर्ण गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें कृत्रिम दीवार आरोहण (Wall Climbing), शिला आरोहण (Rock Climbing), रॉक रैपलिंग (Rock Rappelling), पर्वतारोहण (Hiking) तथा कृत्रिम नदी पार करना (Artificial River Crossing) प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अतिरिक्त उन्होंने सोलंग घाटी, फातरू और हिडिंबा क्षेत्र के दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर ट्रेकिंग भी की।

 

इस दस दिवसीय शिविर में अंकिता ने लगभग 80 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा पूरी की तथा समुद्र तल से लगभग 9,500 फीट की ऊंचाई तक पहुंचकर पर्वतारोहण का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।

 

इस प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने साहस, आत्मविश्वास, अनुशासन, एकता, टीम भावना तथा विषम परिस्थितियों में धैर्यपूर्वक निर्णय लेने जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशल सीखे।

 

महाविद्यालय लौटने पर प्राचार्या श्रीमती संगीता सिंह, उप प्राचार्या प्रोफेसर नीलम गुलेरिया तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के कार्यक्रम अधिकारी श्री विनोद चंद ने अंकिता को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। प्राचार्या ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के साहसिक प्रशिक्षण शिविर विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देते हैं।

अंकिता की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिवार में खुशी और उत्साह का माहौल है।

[post-views]