ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा उपलब्ध करवाना मुख्यमंत्री का संकल्प: डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लंबलू के अंतर्गत राजकीय उच्च विद्यालय जटवाड़ का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आज बड़ी धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

राजकीय उच्च विद्यालय झटवाड़ में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह संपन्न, ₹40 लाख रुपये से निर्मित पुस्तकालय भवन का लोकार्पण: डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा

समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

 

इसके उपरांत विद्यालय प्रमुख एवं समस्त स्टाफ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ समारोह का शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जी के सहयोग से 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया।

 

इस पुस्तकालय में विद्यार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ-साथ कंप्यूटर की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है, ताकि विद्यार्थी पारंपरिक पुस्तकों के साथ-साथ डिजिटल पुस्तकों एवं आधुनिक शैक्षणिक संसाधनों का भी लाभ उठा सकें।

उल्लेखनीय है कि तीन वर्ष पूर्व इसी विद्यालय के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने पुस्तकालय भवन तथा विद्यालय के साथ सुरक्षा डंगे के निर्माण का वादा किया था।

 

 

आज पुस्तकालय भवन के लोकार्पण तथा ढाई लाख रुपये की लागत से डंगे का निर्माण करवाने के लिए विद्यालय परिवार एवं क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की सोच है कि प्रदेश का प्रत्येक बच्चा, चाहे वह ग्रामीण क्षेत्र में रहता हो या शहरी क्षेत्र में, विश्वस्तरीय शिक्षा प्राप्त कर सके। इसी उद्देश्य से प्रदेश के 100 विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है तथा अब 155 अन्य विद्यालयों को भी सीबीएसई से जोड़ने की दिशा में सरकार आगे बढ़ रही है।

 

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को उसकी पारिवारिक एवं आर्थिक पृष्ठभूमि से परे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का समान अवसर मिलना चाहिए, क्योंकि अच्छी शिक्षा ही एक सशक्त, समृद्ध एवं मजबूत भारत के निर्माण की आधारशिला है।

 

डॉ. वर्मा ने कहा कि इसी सोच के अनुरूप मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित करने की महत्वाकांक्षी योजना शुरू की है। हमीरपुर जिले में भी तीन स्थानों पर इन विद्यालयों का निर्माण कार्य तेजी से पूर्णता की ओर बढ़ रहा है। इन विद्यालयों में लगभग एक हजार विद्यार्थियों के लिए आधुनिक शिक्षा, खान-पान, खेलकूद एवं व्यक्तित्व विकास की विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाने की व्यवस्था रहेगी।

 

उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश की कमान संभाली थी, तब शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश देशभर में 21वें स्थान पर था और उनके अनुसार, शिक्षा के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए गए सुधारों के परिणामस्वरूप आज हिमाचल पांचवें स्थान पर पहुंच चुका है।

 

इस अवसर पर विद्यालय के दत्तक ग्रहणकर्ता श्री मांकाराम शर्मा ने भी अपने संबोधन में विद्यालय की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने विद्यालय के चहुंमुखी विकास तथा आधुनिक पुस्तकालय भवन की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा का विशेष आभार व्यक्त किया।

 

विद्यालय के विकास के लिए दानी सज्जनों ने बढ़-चढ़कर दिया सहयोग, सुमित शर्मा ने भेंट किए एक लाख रुपये

 

समारोह के दौरान क्षेत्र के दानी सज्जनों ने भी विद्यालय के विकास के लिए बढ़-चढ़कर आर्थिक सहयोग प्रदान किया। इसी कड़ी में विद्यालय के दत्तक ग्रहणकर्ता श्री बांकाराम शर्मा के सुपुत्र श्री सुमित शर्मा ने अपनी माता श्रीमती कश्मीरा शर्मा के करकमलों से विद्यालय को एक लाख रुपये की सहयोग राशि भेंट की। शिक्षा के क्षेत्र में उनका यह योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है।

 

समारोह में ग्राम पंचायत प्रधान श्रीमती रीना सरीन, उपप्रधान तेजपाल डोगरा, पूर्व जिला परिषद सदस्य महेंद्र कुमार, चमनेड़ पंचायत के उपप्रधान प्रकाश चंद, वार्ड पंच संजय शर्मा, अरविंदर चौधरी, टैक्सी यूनियन के प्रधान महेंद्र कुमार, समाजसेवी राजू राणा, संतोष कुमार एवं समाजसेविका नेहा शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ, विद्यार्थी, अभिभावक, ग्रामीण एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

[post-views]