



हैदराबाद/विवेकानंद वशिष्ठ:- पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद तथा कोयला, खान एवं इस्पात संबंधी संसदीय स्थायी समिति के अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर ने आज हैदराबाद में आयोजित संविधान गौरव दिवस समारोह में भाग लिया।

राहुल गांधी आपातकाल के लिए सार्वजनिक माफी मांगें: अनुराग सिंह ठाकुर




हैदराबाद पहुंचने पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने भाजपा तेलंगाना प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव एवं अन्य पदाधिकारियों से भेंट की तथा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने बेगम बाजार स्थित खेमदास मठ (चूड़ी धाम) में जीण माता एवं श्याम बाबा मंदिर के पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर दर्शन किए। इसके उपरांत भाजपा कार्यालय से नामपल्ली एग्जीबिशन ग्राउंड तक आयोजित संविधान गौरव यात्रा में शामिल हुए और विशाल जनसभा को संबोधित किया।







अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हैदराबाद का भारत के संविधान से ऐतिहासिक जुड़ाव है। 17 सितंबर 1948 को सरदार वल्लभभाई पटेल के दृढ़ संकल्प से हैदराबाद का भारत में विलय हुआ और 14 महीने बाद 26 नवंबर 1949 को देश ने संविधान अपनाया। उन्होंने डॉ. अंबेडकर के साथ संविधान सभा में योगदान देने वाले तेलुगु महानुभावों अल्लादी कृष्णस्वामी अय्यर, पट्टाभि सीतारमैया, टंगुटूरी प्रकाशम, एन.जी. रंगा और दुर्गाबाई देशमुख को भी नमन किया। उन्होंने कहा कि संविधान महज औपचारिक दस्तावेज नहीं, बल्कि जनता की संप्रभुता और अधिकारों की जीवंत गारंटी है।



उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस घोषित किया और बाबा साहेब से जुड़े महू, लंदन, नागपुर की दीक्षाभूमि, दिल्ली के 26 अलीपुर रोड तथा मुंबई की चैत्यभूमि को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया। अनुच्छेद 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर में संविधान को पूर्ण रूप से लागू करना, नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण, 102वें संशोधन से ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा, 103वें संशोधन से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को 10 प्रतिशत आरक्षण तथा तीन तलाक की समाप्ति मोदी सरकार के ऐतिहासिक कदम हैं। उन्होंने बताया कि दिशा योजना के तहत 2.37 करोड़ से अधिक नागरिकों को निःशुल्क कानूनी सहायता, स्वामित्व योजना के माध्यम से 3.25 करोड़ ग्रामीण परिवारों को संपत्ति कार्ड तथा औपनिवेशिक आईपीसी के स्थान पर नागरिक-केंद्रित भारतीय न्याय संहिता लागू करना संविधान के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाता है।






कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि संविधान का सम्मान उसे हाथ में लेकर दिखावा करने से नहीं, बल्कि उसके अनुच्छेदों का पालन करने से होता है। राहुल गांधी और कांग्रेस आज तक यह स्पष्ट नहीं कर पाए कि संविधान में कितने पृष्ठ और अनुच्छेद हैं। विडंबना यह है कि राहुल गांधी जिस संविधान की प्रति लहराते हैं, उसकी भूमिका में ही कांग्रेस को संविधान के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि कांग्रेस संविधान की रक्षा कर सकती है तो बिल्ली भी दूध की रखवाली कर सकती है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी चुनावी धांधली के कारण अयोग्य घोषित होने वाली देश की पहली सांसद थीं और 1989 के अमेठी लोकसभा चुनाव में राजीव गांधी के समय बड़े पैमाने पर बूथ लूट की घटनाएं हुई थीं। कांग्रेस लोकतंत्र में नहीं, बल्कि लंठतंत्र में विश्वास करती है। उन्होंने कांग्रेस को लोकतंत्र का लुटेरा करार दिया।


1975 के आपातकाल को लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके 50 वर्ष बाद भी कांग्रेस और गांधी परिवार ने देश से माफी नहीं मांगी। उन्होंने आपातकाल को सत्ता पर स्थायी कब्जा करने के लिए उठाया गया आपराधिक कदम बताते हुए राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और यह स्वीकार करने की मांग की कि इंदिरा गांधी ने तानाशाही के जरिए लोकतंत्र को कुचला था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 1951 में डॉ. अंबेडकर को नेहरू मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने पर मजबूर किया, 1952 और 1954 के चुनावों में उन्हें हराया तथा दशकों तक उन्हें भारत रत्न से वंचित रखा। इंदिरा गांधी के कार्यकाल में अनुच्छेद 356 का लगभग 50 बार दुरुपयोग हुआ, जिसमें 1984 में एन.टी. रामा राव की निर्वाचित सरकार को बर्खास्त करना भी शामिल था। कांग्रेस ने शाह बानो फैसले को पलटा, असंवैधानिक राष्ट्रीय सलाहकार परिषद (NAC) के माध्यम से समानांतर सरकार चलाई और 2013 में सार्वजनिक रूप से केंद्रीय मंत्रिमंडल के अध्यादेश को फाड़कर संवैधानिक मर्यादाओं का अपमान किया।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर निशाना साधते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर उनकी बयानबाजी विरोधाभासी है। अनुच्छेद 324 के तहत 1952 से मतदाता सूचियों के अनेक गहन पुनरीक्षण हुए हैं, जिनमें अधिकांश कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में हुए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान प्रारंभिक स्तर पर चिह्नित प्रविष्टियां अंतिम रूप से हटाई गई प्रविष्टियां नहीं होतीं। उन्होंने सितंबर में निर्वाचन आयोग की तुलना औपनिवेशिक साइमन कमीशन से करने और SIR Go Back आंदोलन का आह्वान करने के लिए मुख्यमंत्री की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2023 में इसी ईवीएम और निर्वाचन आयोग के माध्यम से तेलंगाना की सत्ता में आई थी, लेकिन आज मुख्यमंत्री अपने ही राज्य के बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा संचालित प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं और दूसरी ओर मुख्य निर्वाचन आयुक्त को पत्र लिख रहे हैं। प्रधानमंत्री के लिए दानव जैसे अमर्यादित शब्दों का प्रयोग देश के 140 करोड़ नागरिकों के जनादेश का अपमान है।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय, हैदराबाद विश्वविद्यालय, आईआईटी और तेलंगाना के अन्य शिक्षण संस्थानों के युवाओं से सक्रिय मतदाता बनकर लोकतांत्रिक संस्थाओं के सजग प्रहरी बनने का आह्वान किया। बाबा साहेब के विचारों को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी संविधान उतना ही अच्छा होता है, जितने अच्छे उसे संचालित करने वाले लोग होते हैं। उन्होंने नागरिकों से अराजकता के बजाय अदालत और बैरिकेड के बजाय बैलेट का रास्ता चुनने की अपील की। साथ ही संकल्प दिलाया कि संविधान का सम्मान केवल 26 नवंबर को नहीं, बल्कि प्रतिदिन किया जाए, जनादेश का आदर हो और बाबा साहेब के विचारों पर चलते हुए 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में योगदान दिया जाए।










































