खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान की प्रतियोगिताओं के लिए करवाएं पंजीकरण

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों से जोड़ने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा आरंभ किए जा रहे ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान-2026’ के तहत जिला हमीरपुर में भी विभिन्न खेलों की उपमंडल एवं जिला स्तर की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी, जिनके विजेताओं को लाखों रुपये के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। एडीसी अभिषेक गर्ग ने वीरवार को जिला एवं उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक करके इन प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तय की।

15 से 30 वर्ष तक के युवा और विद्यार्थियों की टीमें करवा सकती हैं पंजीकरण

उन्होंने बताया कि क्रिकेट, वॉलीबाल, कबड्डी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, हॉकी, कुश्ती और रस्साकशी की इन प्रतियोगिताओं में 15 से 30 वर्ष तक के युवक-युवतियां 30 नवंबर तक वेबपोर्टल खेलोहिमाचल.एचपी.जीओवी.इन khelohimachal.hp.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं।

उपमंडल, जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिलेंगे लाखों के ईनाम

 

इन प्रतियोगिताओं में फुटबाल और बास्केटबाल को भी शामिल किया जा रहा है। राज्य, जिला और उपमंडल स्तर पर आयोजित की जाने वाली प्रतियोगिताओं में लाखों के ईनाम रखे गए हैं। राज्य स्तर पर विजेता टीमों को 31 लाख रुपये, उपविजेता को 15 लाख और तृतीय स्थान पर रहने वाली टीमों को 10 लाख रुपये तक के ईनाम दिए जाएंगे।

 

 

जिला स्तर पर पहले तीन स्थानों के लिए क्रमशः 2 लाख, डेढ़ लाख और एक लाख रुपये तक के ईनाम मिलेंगे। उपमंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में भी 51 हजार, 41 हजार और 31 हजार रुपये के ईनाम रखे गए हैं।

एडीसी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक युवक-युवतियों के पंजीकरण के लिए युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, शिक्षा विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग, विभिन्न उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षण संस्थानों, विभिन्न खेल संघों, नेहरू युवा केंद्र, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करें।

बैठक में एसपी बलवीर सिंह, एसडीएम संजीत सिंह, सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के जिला युवा अधिकारी सन्नी कुमार ने प्रतियोगिताओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। प्रतियोगिताओं के संबंध में अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9418308292 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

 

 

 

[post-views]