हमीरपुर में आंगनवाड़ी के 6 पदों के लिए आवेदन 17 दिसंबर तक

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- बाल विकास परियोजना हमीरपुर के अंतर्गत विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों में कार्यकर्ता और सहायिका के कुल 6 पदों के लिए पात्र महिलाओं से सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित 17 दिसंबर तक बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालय हमीरपुर मंे आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

सीडीपीओ सुनीता शर्मा ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र हमीरपुर के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र मुहान और वार्ड नंबर-7 के आंगनवाड़ी केंद्र एमसीडब्ल्यू-7ए में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का एक-एक पद भरा जाना है। जबकि, आंगनवाड़ी केंद्र एमसीडब्ल्यू-7ए, आंगनवाड़ी केंद्र एमसीडब्ल्यू-11सी, ग्राम पंचायत नालटी के आंगनवाड़ी केंद्र डकोहल और ग्राम पंचायत जंगलरोपा के आंगनवाड़ी केंद्र हार-2 में सहायिका का एक-एक पद भरा जाएगा।

सीडीपीओ ने बताया कि आवेदक की आयु 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र की स्थायी निवासी होनी चाहिए और उसका नाम संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना चाहिए।

 

सभी संसाधनों से उसके परिवार की वार्षिक आय 75 हजार रुपये से अधिक न हो। आय के संबंध में कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र ही मान्य होगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के पद हेतु यदि कोई कार्यरत आंगनवाड़ी सहायिका आवेदन करती है तो ऐसी स्थिति में आवेदक को आंगनवाड़ी सहायिका के रूप में मिलने वाले मानदेय की गणना परिवार की वार्षिक आय में नहीं की जाएगी। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास रखी गई है।

इन पदों के लिए साक्षात्कार 22 दिसंबर को सुबह 10 बजे एसडीएम कार्यालय हमीरपुर में होंगे। इस संबंध में अलग से कोई पत्र नहीं भेजा जाएगा। अधिक जानकारी के लिए सीडीपीओ कार्यालय हमीरपुर में संपर्क किया जा सकता है।

 

 

 

[post-views]