



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- राष्ट्रीय विधि दिवस एवं संविधान दिवस के उपलक्ष्य पर वीरवार को जिला न्यायिक परिसर हमीरपुर में भी एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला एवं सत्र न्यायधीश पंकज शर्मा ने भारतीय संविधान का निर्माण करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं विधि विशेषज्ञों के योगदान का स्मरण किया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी न्यायिक अधिकारियों और न्यायिक परिसर के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया।



इसके बाद जिला एवं सत्र न्यायधीश ने जिला बार एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित विधिक जागरुकता कार्यक्रम की अध्यक्षता भी की।






इस जागरुकता कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों के अलावा सेवानिवृत्त न्यायिक अधिकारी एसी डोगरा, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर, अन्य पदाधिकारी, प्रो-बोनो अधिवक्ता अमित शर्मा और अन्य अधिवक्ता भी उपस्थित रहे।



उधर, न्यायिक परिसर नादौन में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अनुज बहल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में भी सभी अधिकारियों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया तथा संविधान निर्माताओं के योगदान का स्मरण किया।





न्यायिक परिसर बड़सर में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विक्रांत कौंडल और न्यायिक परिसर भोरंज में न्यायिक दंडाधिकारी टीना मल्होत्रा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रमों में भी संविधान निर्माताओं के योगदान का स्मरण किया गया तथा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया।













































