



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- उद्योग विभाग के रैम्प (रेजिंग एंड एक्सलरेटिंग एमएसएमई परफॉरमेंस) प्रोजेक्ट के तहत शुक्रवार को बोहनी के सेरीकल्चर सेंटर में एक कार्यशाला आयोजित की गई।


उद्योग प्रसार अधिकारी सुमन ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में क्षेत्र के रेशम उत्पादकों को रेशम उत्पादन, वित्त पोषण, मार्केटिंग और अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।




कार्यशाला के दौरान सेरीकल्चर डिवीजन पालमपुर के रेशम विकास अधिकारी गुरचरण सिंह ने रेशम उत्पादन से संबंधित तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेशम उत्पादन में स्वरोजगार की बहुत ही अच्छी संभावनाएं मौजूद हैं। आम किसान खेती-बाड़ी, पशु पालन और अन्य गतिविधियों के साथ-साथ रेशम उत्पादन से भी अच्छी आय अर्जित कर सकते हैं।







इस अवसर पर नादौन की रेशम विकास अधिकारी निशा ठाकुर, उद्योग प्रसार अधिकारी सुमन ठाकुर, रैम्प प्रोजेक्ट के वरिष्ठ प्रबंधक अश्वनी कुमार शर्मा और अन्य अधिकारियों ने भी किसानों का मार्गदर्शन किया तथा उन्हें रेशम उत्पादन के लिए प्रेरित किया। कार्यशाला के प्रतिभागियों को नशे का विरोध करने और इस समस्या के उन्मूलन के लिए सक्रिय योगदान देने की शपथ भी दिलाई गई।



इस अवसर पर रैम्प प्रोजेक्ट के अधिकारी विनय कुमार, चंदन कुमार, सेरीकल्चर सेंटर बोहनी की कर्मचारी पूनम देवी, सेरी कल्चर सेंटर भलवानी के अशोक शर्मा और क्षेत्र के किसान एवं रेशम उत्पादक भी उपस्थित रहे।



















































