




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- डाक विभाग द्वारा वर्ष 2025–26 के लिए शुरू की गई ‘दीन दयाल स्पर्श योजना’ (डाक टिकटों के माध्यम से शोध और रुचि बढ़ाने हेतु छात्रवृत्ति योजना) के अंतर्गत हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकास नगर के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।




कक्षा 8 की ओजस्वी ठाकुर और कक्षा 7 के क्षितिज ठाकुर को फिलैटली (डाक टिकट संग्रह) विषय में गहरी रुचि और शोधात्मक कौशल के लिए ₹6000-₹6000 की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत एवं लगन का श्रेष्ठ उदाहरण है।







विद्यार्थियों ने फिलैटली को एक रचनात्मक और ज्ञानवर्धक शौक के रूप में अपनाकर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करेगी कि वे नए क्षेत्रों में अपनी रुचि एवं क्षमता को विकसित करें।




विद्यालय प्रबंधन ने दोनों विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके प्रयासों का परिणाम है, बल्कि विद्यालय के लिए गौरव का विषय भी है। प्रबंधन ने आशा व्यक्त की कि हिम अकादमी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे।






