




हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- ग्राम बजुरी में एक दर्दनाक अग्निकांड की घटना सामने आई, जिसमें एक पशुशाला पूरी तरह से जलकर राख हो गई।

इस भीषण आगजनी में गौशाला के अंदर बंधी दो भैंसें और एक कटरा गंभीर रूप से झुलस गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक भैंस लगभग 90 प्रतिशत तथा दूसरी भैंस और कटरा करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गए हैं।


कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने की आर्थिक सहायता






घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग हमीरपुर की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।



घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने तुरंत प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर राहत कार्य तेज करने का आग्रह किया।



प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया तथा प्रदेश सरकार की ओर से ₹4000 की फौरी राहत राशि प्रदान की।



डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने भी मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए अपनी ओर से पीड़ित राजू जी को ₹10,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा भरोसा दिलाया कि घायल पशुओं के इलाज और देखभाल में हरसंभव मदद की जाएगी।

इस दौरान एक गंभीर समस्या भी सामने आई कि अग्निशमन विभाग की गाड़ी को मौके तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जिसका मुख्य कारण सड़क पर अतिक्रमण रहा।



इस विषय पर चिंता व्यक्त करते हुए डॉ. वर्मा ने लोगों से अपील की कि सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखें ताकि भविष्य में किसी भी आपदा या आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य समय पर पहुंच सके।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं कहीं भी और कभी भी हो सकती हैं, इसलिए हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि आपातकालीन वाहनों के लिए रास्ते हमेशा खुले रखें।





