एचआईवी/एड्स जागरूकता के लिए 3 किलोमीटर दौड़ का आयोजन

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-   नेटाजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल (एनएससीबीएम) राजकीय महाविद्यालय, हमीरपुर के रेड रिबन क्लब (आरआरसी) द्वारा एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 3 किलोमीटर जागरूकता दौड़ का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम का आयोजन शारीरिक शिक्षा विभाग के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी, रेड रिबन क्लब, डॉ. संदीप कुमार रहे।

जागरूकता दौड़ में महाविद्यालय के लगभग 130 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर एचआईवी/एड्स की रोकथाम, समय पर जांच करवाने तथा इससे जुड़े भेदभाव और सामाजिक कलंक को दूर करने के संदेश दिए।

 

विद्यार्थियों ने जागरूकता नारों के माध्यम से आमजन को एचआईवी/एड्स के संबंध में तथ्यात्मक जानकारी प्रदान करने का भी प्रयास किया।

इस अवसर पर डॉ. संदीप कुमार, नोडल अधिकारी, रेड रिबन क्लब ने कहा कि युवा वर्ग समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

 

 

इस प्रकार की गतिविधियां युवाओं को एचआईवी/एड्स से बचाव, सुरक्षित व्यवहार, स्वैच्छिक रक्तदान तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने में प्रभावी सिद्ध होती हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने एचआईवी/एड्स मुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने तथा समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ ली।

[post-views]