



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- जाहू/भोरंज पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा कमलेश कुमारी जाहू ग्राम केंद्र की बैठक में उपस्थित रहीं। बैठक में मंडल भोरंज के विस्तारक राजेश ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

जाहू ग्राम केंद्र की बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों पर चर्चा, कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान




बैठक के दौरान पार्टी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।







बैठक को संबोधित करते हुए कमलेश कुमारी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा निर्धारित सभी कार्यक्रमों को अपने-अपने ग्राम केंद्र एवं बूथ स्तर पर प्रभावी ढंग से आयोजित करें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाएं।



इस दौरान कमलेश कुमारी ने जाहू क्षेत्र के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए वर्तमान विधायक सुरेश कुमार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान विधायक जाहू क्षेत्र से ही संबंध रखते हैं, लेकिन बीते चार वर्षों में वह क्षेत्र के लिए कोई बड़ी परियोजना नहीं ला पाए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को विकास के बड़े-बड़े दावों के बजाय धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों का हिसाब मिलना चाहिए।





कमलेश कुमारी ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान जाहू क्षेत्र में लगभग 2 करोड़ रुपये की पेयजल योजना, करीब 5 करोड़ रुपये का 33 केवी सब-स्टेशन, पशु चिकित्सालय, खेल मैदान और तीन पुलों के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य करवाए गए। इसके अतिरिक्त चैंथ और सुनहल खड्ड के तटीकरण जैसे विकास कार्य भी उनके कार्यकाल में हुए, जिनसे क्षेत्र की आवश्यकताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए गए।


उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा पूरे विधानसभा क्षेत्र में समान रूप से विकास करवाने की नीति अपनाई है। भाजपा कभी भी क्षेत्रवाद की राजनीति में विश्वास नहीं करती, बल्कि सभी क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार विकास कार्य करवाना पार्टी की प्राथमिकता रही है। जाहू क्षेत्र में करवाए गए विकास कार्य भी इसी सोच का प्रमाण हैं।
कमलेश कुमारी ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में भोरंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा कि जाहू क्षेत्र के विकास में भी कोई कमी नहीं रखी गई। ऐसे में वर्तमान विधायक को अपने चार वर्षों के कार्यकाल में जाहू क्षेत्र के लिए लाई गई बड़ी परियोजनाओं और करवाए गए प्रमुख विकास कार्यों का विवरण जनता के सामने रखना चाहिए।
बैठक में ग्राम केंद्र प्रभारी राज कुमार, मंडल महामंत्री अजय शर्मा, जिला सोशल मीडिया सह-संयोजक रजत, ग्राम केंद्र अध्यक्ष रमेश शर्मा सहित सभी बूथों के अध्यक्ष, बूथ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





