



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- ग्राम पंचायत बफड़ी के वार्ड नंबर पाँच में आज सुबह आग लगने से जय सिंह और लता देवी की दो पशुशालाएं बुरी तरह जल गईं। राहत की बात रही कि आसपास के लोगों ने धुआँ उठता देखकर तुरंत मौके पर पहुँचकर पशुधन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की सतर्कता और त्वरित प्रयासों से पशुओं की जान बच गई।

डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने प्रभावित परिवारों को निजी तौर पर दी आर्थिक सहायता, प्रशासन से मदद दिलाने का दिया आश्वासन




प्रभावित परिवारों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने और पशुशालाओं को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग की तेज लपटों के कारण दोनों पशुशालाओं को भारी नुकसान पहुँचा। मौके पर पहुँची अग्निशमन विभाग की टीम ने आग बुझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।







घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा मौके पर पहुँचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान ग्राम पंचायत प्रधान, वार्ड पंच शनिक राज और पूर्व उपप्रधान भी उपस्थित रहे।



डॉ. वर्मा ने दोनों परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अपनी ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने प्रभावित परिवारों को प्रशासन के माध्यम से हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया।





डॉ. वर्मा ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने समय रहते पशुधन को सुरक्षित बाहर निकालने वाले ग्रामीणों तथा आग बुझाने में जुटे अग्निशमन कर्मियों के प्रयासों की सराहना की।







