



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल (एनएससीबीएम) राजकीय महाविद्यालय, हमीरपुर की छात्राओं ने राज्य स्तरीय रेड रन मैराथन में शानदार प्रदर्शन कर महाविद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है।

शिमला में चमकीं एनएससीबीएम कॉलेज हमीरपुर की छात्राएं, शिवाली पटना में राष्ट्रीय स्तर पर करेंगी हिमाचल का प्रतिनिधित्व




22 अक्टूबर को शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में महाविद्यालय की छात्रा शिवाली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राशि ने तीसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।






प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर शिवाली का चयन राष्ट्रीय स्तर की रेड रन मैराथन के लिए हुआ है। अब वह पटना में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।



शिवाली की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। वहीं, राशि ने भी अपनी शानदार उपलब्धि से संस्थान को गौरवान्वित किया है।





रेड रन मैराथन का उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाना, नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना तथा स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है।


इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. संगीता सिंह ने शिवाली और राशि को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने शिवाली को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि वह पटना में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।
उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है और निरंतर मेहनत, अनुशासन तथा समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
महाविद्यालय के रेड रिबन क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. संदीप कुमार और टीम मैनेजर प्रो. प्रेमलता ने भी दोनों छात्राओं की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।

उन्होंने शिवाली को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि वह वहां भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करेंगी।
शिवाली और राशि की इस उपलब्धि ने एनएससीबीएम राजकीय महाविद्यालय, हमीरपुर की खेल एवं जागरूकता गतिविधियों को नई पहचान दी है। महाविद्यालय परिवार ने दोनों छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।




