



आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल, आलमपुर, जिला काँगड़ा, हिमाचल प्रदेश में सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं महान आध्यात्मिक संत श्री गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर गुरु जी के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गुरु नानक देव जी के चित्र के समक्ष श्रद्धासुमन अर्पित करने एवं ‘वाहेगुरु’ के पावन नाम के जाप के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पारंपरिक सिख वेशभूषा में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने गुरु नानक देव जी के जीवन, उनकी महान शिक्षाओं तथा प्रेरणादायी प्रसंगों पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को प्रस्तुत किया। वहीं, मधुर शबद-कीर्तन ने संपूर्ण वातावरण को भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया।



इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा ने सभी को गुरुपर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएँ केवल किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने ‘एक ओंकार’, मानव समानता, प्रेम, सत्य, भाईचारे, सद्भाव एवं निःस्वार्थ सेवा का संदेश देकर समाज को एक नई दिशा प्रदान की। इसके साथ ही प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को नियमित प्रार्थना करने, अपने जीवन में ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा के मूल्यों को अपनाने तथा निःस्वार्थ भाव से मानव सेवा करने के लिए प्रेरित किया।






कार्यक्रम का समापन गुरु जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज में प्रेम, एकता एवं सद्भावना का संदेश फैलाने के संकल्प के साथ हुआ। विद्यालय में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए न केवल आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक अनुभव बना, बल्कि उन्हें महान गुरु के जीवन मूल्यों और मानवता के प्रति उनके अमूल्य योगदान से परिचित कराने का एक प्रेरणादायी अवसर भी सिद्ध हुआ।



















































