



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग, हमीरपुर की ओर से 21 नवंबर 2026 को भाषा एवं संस्कृति विभाग, सलासी में विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।


इनमें लोक गायन, लोक नृत्य, चित्रकला, कविता लेखन एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। प्रतियोगिता में नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय (NSCBM), हमीरपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लोक गायन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।



इस प्रतियोगिता में लगभग 150 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। NSCBM महाविद्यालय की ओर से संगीत विभाग के विद्यार्थियों ऋतिक गिल, दीक्षांत भारद्वाज, आकाश, आंचल, मुस्कान, कशिश, राशि एवं ऋतिक ने लोक गायन प्रतियोगिता में भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट गायन प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि के साथ ही विद्यार्थियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है।






महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य डॉ. संगीता चौहान ने संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. उमा एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, लगन और संगीत के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।



संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. उमा ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।





महाविद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।











































