



राष्ट्रीय देवभूमि

शिमला/विवेकानंद वशिष्ठ:- राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर ने नवंबर–दिसंबर 2026 में हिमाचल प्रदेश में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तारीखों में टकराव को लेकर प्रदेश सरकार और संबंधित भर्ती आयोगों पर सवाल उठाए हैं।



उन्होंने कहा कि प्रदेश के हजारों युवा लंबे समय से सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन HPRCA, हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट, HPBOSE, पुलिस विभाग और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के बीच आपसी समन्वय की कमी के कारण युवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।






विशेष रूप से 29 नवंबर 2026 को पटवारी भर्ती परीक्षा, हाईकोर्ट क्लर्क परीक्षा और HP TET नॉन-मेडिकल परीक्षा की तारीखों में टकराव की स्थिति है। वहीं पुलिस भर्ती के ग्राउंड टेस्ट भी इसी अवधि में आयोजित किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त पंचायत सचिव भर्ती परीक्षा और HPU की परीक्षाएं भी इसी दौरान निर्धारित हैं।



श्री ठाकुर ने कहा कि हजारों युवाओं ने इन परीक्षाओं के लिए आवेदन शुल्क जमा किया है और वर्षों की मेहनत के बाद उन्हें अवसर मिला है। ऐसे में विभागों के आपसी तालमेल की कमी के कारण किसी युवा को अपनी परीक्षा छोड़ने के लिए मजबूर करना अन्यायपूर्ण है।





उन्होंने प्रदेश सरकार और संबंधित भर्ती आयोगों से मांग की है कि:


1. आपस में टकराने वाली सभी परीक्षाओं की तिथियों का तत्काल पुनर्निर्धारण किया जाए।
2. लिखित परीक्षाओं और पुलिस भर्ती के ग्राउंड टेस्ट के बीच कम से कम 3 से 4 दिन का पर्याप्त अंतराल रखा जाए।
3. भविष्य में सभी भर्ती एजेंसियां आपसी समन्वय से साझा परीक्षा कैलेंडर जारी करें, ताकि युवाओं को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी प्रदेश के युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस विषय पर विधानसभा सत्र के दौरान भी गंभीरता से विचार किया जाए और प्रभावित अभ्यर्थियों को तत्काल राहत प्रदान की जाए।

श्री ठाकुर ने स्पष्ट कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर देने के बजाय सरकारी अव्यवस्था के कारण उनकी मेहनत और अवसर बर्बाद नहीं होने चाहिए। राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी इस मुद्दे को सरकार और प्रशासन के समक्ष पूरी मजबूती से उठाएगी।








































