



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार बड़सर के साथ आखिर किस बात का हिसाब चुकता कर रही है? क्या बड़सर की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना अब सरकार के लिए राजनीतिक प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है? क्या चुनाव में मिली हार का बदला अब क्षेत्र की जनता की जिंदगी और स्वास्थ्य सुविधाओं को रोककर लिया जाएगा? ये तीखे सवाल बड़सर के विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने प्रदेश सरकार से पूछे हैं।

23.75 करोड़ की क्रिटिकल केयर यूनिट पर सरकार के दोहरे बयानों से उठे गंभीर सवाल, विधायक की दोटूक—बड़सर को राजनीतिक दुश्मनी की सजा नहीं भुगतने देंगे।




लखनपाल ने कहा कि बड़सर नागरिक अस्पताल में प्रस्तावित 50 बिस्तरों वाली क्रिटिकल केयर यूनिट, जिसकी अनुमानित लागत 23.75 करोड़ रुपये है, को लेकर प्रदेश सरकार के विधानसभा में दिए गए जवाब ने सरकार के दावों और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत प्रस्तावित इस महत्वपूर्ण परियोजना को लेकर 28 मई 2025 को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से स्वीकृति मिलने की जानकारी सार्वजनिक की गई थी। लेकिन अब विधानसभा में उनके अतारांकित प्रश्न संख्या 2047 के जवाब में सरकार कह रही है कि केंद्र सरकार से अभी तक स्वीकृति प्राप्त नहीं हुई है।



आखिर जनता किसकी बात पर विश्वास करे—स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की या विधानसभा में दिए गए सरकार के जवाब की?





लखनपाल ने कहा कि यह कोई छोटी-मोटी प्रशासनिक चूक नहीं है। 23.75 करोड़ रुपये की परियोजना और हजारों लोगों के स्वास्थ्य का सवाल है। पहले नक्शे के नाम पर परियोजना को उलझाया गया और अब केंद्र से मंजूरी नहीं मिलने का जवाब देकर सरकार अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रही है। यदि स्वीकृति नहीं मिली थी तो विभाग के अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से स्वीकृति मिलने की जानकारी क्यों दी? और यदि स्वीकृति मिली थी तो आज सरकार विधानसभा में इससे इनकार क्यों कर रही है?


उन्होंने मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी, बड़सर की जनता ने आपको चुनाव में राजनीतिक जवाब दिया था, लेकिन क्या अब आप बड़सर की जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित रखकर जवाब दे रहे हैं? आपके उम्मीदवार को जनता ने समर्थन नहीं दिया तो इसमें क्षेत्र के मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और गरीब परिवारों का क्या कसूर है? तीस हजार से अधिक मतदाताओं ने कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन दिया था, लेकिन लोकतंत्र में हार-जीत जनता का फैसला है। किसी मुख्यमंत्री को यह अधिकार नहीं कि वह राजनीतिक नाराजगी के चलते किसी विधानसभा क्षेत्र के विकास को प्रभावित करे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का पद पूरे हिमाचल प्रदेश की जिम्मेदारी है, न कि राजनीतिक बदला लेने का माध्यम। सरकारी योजनाएं किसी विधायक की निजी संपत्ति नहीं होतीं और न ही स्वास्थ्य सुविधाएं किसी पार्टी की जागीर हैं। बड़सर के लोगों को भी सम्मान, बेहतर इलाज और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पाने का पूरा अधिकार है।
लखनपाल ने कहा कि क्रिटिकल केयर यूनिट बनने से गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकती है। दुर्घटना, हार्ट अटैक और अन्य गंभीर परिस्थितियों में समय पर इलाज जीवन बचाने में महत्वपूर्ण होता है। लेकिन सरकार इस परियोजना को आगे बढ़ाने के बजाय जवाबों और बहानों में उलझी हुई है। आखिर मरीजों की जिंदगी से जुड़े इस मामले में सरकार इतनी उदासीन क्यों है?
लखनपाल ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य विभाग से सीधे जवाब मांगा है—

– 28 मई 2025 को स्वीकृति मिलने की जानकारी सार्वजनिक करने वाले अधिकारी गलत थे या आज विधानसभा में दिया गया सरकार का जवाब गलत है?
– 23.75 करोड़ रुपये की इस परियोजना की फाइल आखिर कहां अटकी हुई है?
– बड़सर के लोगों को 50 बिस्तरों वाली क्रिटिकल केयर यूनिट के लिए अभी और कितना इंतजार करना पड़ेगा?
– क्या मुख्यमंत्री स्वयं इस परियोजना की वर्तमान स्थिति और देरी की जिम्मेदारी लेने को तैयार हैं?
लखनपाल ने मांग की कि सरकार तत्काल परियोजना की वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करे, केंद्र से स्वीकृति संबंधी स्थिति स्पष्ट करे और निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना जारी करे।
अंत में विधायक ने कहा कि मैं बड़सर की जनता की आवाज को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाता रहूंगा। सरकार चाहे जितने बहाने बनाए, बड़सर के अधिकारों की लड़ाई नहीं रुकेगी। मुख्यमंत्री को यह समझ लेना चाहिए कि विधायक से राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन जनता से दुश्मनी नहीं की जा सकती। बड़सर कोई दूसरे दर्जे का क्षेत्र नहीं है और यहां के लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बड़सर की जनता को बहाने नहीं, 23.75 करोड़ की क्रिटिकल केयर यूनिट चाहिए। सरकार जवाब दे—निर्माण कब शुरू होगा?








































