



शिमला/विवेकानंद वशिष्ठ:- पहाड़ों की रानी शिमला के नाम से विख्यात संकट मोचन मंदिर में हुई चोरी के मामले में शिमला पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मंदिर से चोरी किए गए सभी सामान को पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी ने मंदिर की बेशकीमती धार्मिक संपत्ति को कमयाणा-भराड़ी के समीप जंगल में छिपाकर रखा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मौके से चोरी की गई संपत्ति का एक-एक सामान बरामद कर शत-प्रतिशत रिकवरी की है।

संकट मोचन मंदिर चोरी कांड :पुलिस ने शत-प्रतिशत बरामद की चोरी की संपत्ति, जंगल में छिपाकर रखा था मंदिर का खजाना




पुलिस के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार आरोपी हितेन्द्र कंवर उर्फ बंटी (31), निवासी बसंतपुर, तहसील सुन्नी को 23 नवंबर को धारा 120बी बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया था।






आरोपी की निशानदेही पर कमयाणा-भराड़ी के जंगल से मिले चांदी के मुकुट, हनुमान जी की गदाएं और धार्मिक आभूषण, मंदिर ट्रस्टियों ने की सामान की पहचान



इसके बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ और आगामी जांच के दौरान उसकी निशानदेही पर कमयाणा, भराड़ी के समीप जंगल में दबिश दी। यहां से संकट मोचन मंदिर से चोरी की गई संपत्ति बरामद हुई।





बरामद सामान में हनुमान जी की गदाएं, चांदी के मुकुट, छत्र, पायल, कड़े, कुंडल, कटोरियां, चम्मच, हार, चांदी की जोत और चरण पादुकाओं सहित कई धार्मिक आभूषण व अन्य वस्तुएं शामिल हैं।


खास बात यह रही कि बरामदगी के समय संकट मोचन मंदिर के ट्रस्टी भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बरामद सामान की पहचान मंदिर से चोरी हुई संपत्ति के रूप में की। पुलिस ने सभी वस्तुओं को नियमानुसार कब्जे में ले लिया है।
गौरतलब है कि संकट मोचन मंदिर में चोरी की वारदात के बाद श्रद्धालुओं में रोष और चिंता थी। अब पुलिस ने चोरी की गई संपत्ति की 100 प्रतिशत बरामदगी कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामले में पुलिस की आगामी जांच जारी है।









































