सुक्खू सरकार के सेस राज और बिगड़ती कानून व्यवस्था ने हिमाचल को संकट में धकेला, महिलाओं की सुरक्षा से लेकर आम जनता की जेब तक हर मोर्चे पर सरकार विफल: अनुराग सिंह ठाकुर

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-   पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने और आम जनता को महंगाई से राहत पहुंचाने, दोनों मोर्चों पर पूरी तरह विफल साबित हुई है।

 

 

विधानसभा के शीतकालीन सत्र में प्रस्तुत चौंकाने वाले सरकारी आंकड़े और एक के बाद एक लगाए जा रहे नए सेस इस बात का प्रमाण हैं कि कभी शांतिपूर्ण देवभूमि के रूप में पहचाना जाने वाला हिमाचल आज बढ़ते अपराधों और सरकार के सेस राज से जूझ रहा है।

 

अनुराग सिंह ठाकुर ने विधानसभा में प्रस्तुत आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में घरेलू हिंसा से संबंधित 19,526 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जबकि घरेलू हिंसा, दुष्कर्म और छेड़छाड़ से जुड़े कुल 1,918 मामले पंजीकृत हुए हैं।

 

महिलाओं की सुरक्षा के मामले में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि घरेलू हिंसा की शिकायतों में हमीरपुर जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर है, जहां 2,054 शिकायतें सामने आई हैं।

 

वहीं छेड़छाड़ के 72 मामलों के साथ जिला दूसरे स्थान पर है। ऊना जिला घरेलू हिंसा की 1,950 शिकायतों के साथ चौथे स्थान पर है, जबकि यहां दुष्कर्म के 70 मामले दर्ज हुए हैं। बिलासपुर में घरेलू हिंसा की 1,037 शिकायतें, दुष्कर्म के 72 और छेड़छाड़ के 52 मामले सामने आए हैं।

 

उन्होंने कहा कि केवल हेल्पलाइन और सरकारी दावों के सहारे महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की जा सकती। प्रदेश में अपराधियों के मन में कानून का भय और महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन सुक्खू सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है।

 

अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश टैक्सेशन (ऑन सर्टेन गुड्स कैरिड बाय रोड) संशोधन विधेयक, 2026 पारित किए जाने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने क्लिंकर और सड़क मार्ग से बाहर भेजे जाने वाले कुछ अन्य सामान पर प्रति टन 25 रुपये तक का पर्यावरण ग्रीन सेस लगाने का प्रावधान किया है। यह निर्णय प्रदेश के उद्योगों, व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगा।

 

उन्होंने कहा कि सोलन और बिलासपुर जिलों में अडानी सीमेंट और अल्ट्राटेक जैसे बड़े उत्पादकों के छह संयंत्र संचालित होने के बावजूद हिमाचल में सीमेंट का 50 किलो का बैग लगभग 430 रुपये में बिक रहा है, जबकि पड़ोसी पंजाब और हरियाणा में यही बैग करीब 370 रुपये में उपलब्ध है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने आम लोगों को घर बनाने में राहत देने के उद्देश्य से सीमेंट पर जीएसटी 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत किया था, लेकिन प्रदेश की सुक्खू सरकार ने महज 48 घंटे के भीतर सीजीसीआर लेवी को 11 रुपये से बढ़ाकर 16 रुपये प्रति बैग कर दिया।

 

इस प्रकार केंद्र सरकार द्वारा दी गई राहत का लाभ आम जनता तक पहुंचने से पहले ही राज्य सरकार ने अतिरिक्त बोझ डाल दिया। अब क्लिंकर पर नया सेस लगाने से निर्माण लागत और बढ़ने की आशंका है।

 

सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार की आर्थिक नीतियां हर आवश्यक क्षेत्र को नए करों और सेस के माध्यम से निशाना बना रही हैं। माल ढुलाई और ईंधन से लेकर बिजली तक जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।

 

सीजीसीआर लेवी में बार-बार बढ़ोतरी के चलते सीमेंट पर यह बोझ 320 रुपये प्रति टन और क्लिंकर पर 130 रुपये प्रति टन तक पहुंच गया है।

 

इसके अतिरिक्त पेट्रोल और डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर विधवा एवं अनाथ सेस लगाया गया है। सरकार ने संबंधित संशोधन के माध्यम से इसे बढ़ाकर 5 रुपये प्रति लीटर तक करने का अधिकार भी अपने पास रखा है।

 

उन्होंने कहा कि बिजली पर भी उपभोक्ताओं और उद्योगों को राहत देने के बजाय दूध सेस और पर्यावरण सेस के नाम पर 10-10 पैसे प्रति यूनिट का अतिरिक्त बोझ डाला गया है।

 

सीमेंट उद्योगों के लिए बिजली शुल्क 17 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर दिया गया है और औद्योगिक उपभोक्ताओं को मिलने वाली एक रुपये प्रति यूनिट की बिजली सब्सिडी भी समाप्त कर दी गई है।

 

इन सभी निर्णयों का सीधा असर उत्पादन लागत, रोजगार, व्यापार और अंततः आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है।

 

अनुराग सिंह ठाकुर ने मांग की कि प्रदेश सरकार जनविरोधी सेस को तत्काल वापस ले और महिलाओं के विरुद्ध बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना लागू करे।

 

उन्होंने कहा कि सरकार अपनी वित्तीय कुप्रबंधन और बढ़ते कर्ज का बोझ प्रदेश की जनता की जेब पर डालकर अपनी जिम्मेदारियों से बच नहीं सकती।

 

आज प्रदेश में रसोई के बजट से लेकर मकान बनाने तक हर वर्ग महंगाई की मार झेल रहा है। मुख्यमंत्री को नए कर लगाने के बजाय महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, कानून व्यवस्था सुधारने और जनता को आर्थिक राहत देने को प्राथमिकता देनी चाहिए।

 

 

[post-views]