डी.ए.वी. में उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया संविधान दिवस

आलमपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  डी.ए.वी. वरिष्ठ माध्यमिक पब्लिक स्कूल, आलमपुर, जिला काँगड़ा, हिमाचल प्रदेश में 26 नवंबर को संविधान दिवस बड़े उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा ने विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता समझाते हुए लोकतंत्र के मूल सिद्धांत “जनता का, जनता द्वारा और जनता के लिए शासन” के बारे में विस्तार से बताया।

 

उन्होंने समझाया कि लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि होती है और शासन जनता की भागीदारी एवं जनहित पर आधारित होता है। उन्होंने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का उल्लेख करते हुए उसकी महत्वपूर्ण पंक्ति “हम, भारत के लोग” के माध्यम से विद्यार्थियों को समझाया कि भारतीय संविधान की शक्ति देश की जनता में निहित है।

 

उन्होंने प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए प्रत्येक नागरिक को इन मूल्यों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को एक जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और संविधान दिवस के महत्व पर अपने विचार भाषणों के माध्यम से प्रस्तुत किए। कक्षा नौवीं के पुष्पित, विहान, रिधिमा, शताक्षी, आरव, निमित, अंशिका, प्रणव गौतम, अक्षिता, नायशा एवं अंशुल तथा कक्षा दसवीं की सिमरन और नंदिनी ने प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर भारतीय संविधान के निर्माण, उसके महत्व एवं नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक चेतना तथा राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान की गरिमा एवं उसके आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया।

प्रधानाचार्य श्री सुरजीत कुमार राणा ने इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने सभी से भारतीय संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों का सम्मान करने तथा उनका अपने जीवन में पालन करने का आह्वान किया।

[post-views]