



हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:- मेरा युवा भारत (माय भारत), हमीरपुर द्वारा संविधान दिवस के उपलक्ष्य में 26नवंबर 2026 को तृषा बी.एड. कॉलेज में ‘विकसित भारत युवा संवाद – संविधान दिवस संस्करण’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विशेष विषय ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत के लिए’ रहा।


कार्यक्रम में तृषा बी.एड. कॉलेज के एमडी एन.के. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि एस एच ओ नादोन नाज़र सिंह ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर नेशनल यूथ वॉलंटियर अवॉर्ड से सम्मानित युवा आइकॉन राज कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी दीपमाला, कॉलेज की प्राचार्य डॉ. पूनम भारद्वाज तथा प्रोफेसर चंपा ठाकुर भी मौजूद रहीं।




कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। युवा आइकॉन राज कुमार ने संविधान और युवा संवाद विषय पर पीपीटी प्रस्तुति दी।







उन्होंने अपने अनुभवों और विचारों के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में योगदान देने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।




इंस्पेक्टर नाज़र सिंह ने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।






उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार एवं समाज के विकास में भी बाधा उत्पन्न करता है। इसलिए युवाओं को नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।


कार्यक्रम में संविधान दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्री एन.के. शर्मा ने सभी युवाओं, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ करवाया। उपस्थित सभी लोगों ने संवैधानिक मूल्यों, समानता, न्याय तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्त भारत अभियान से जोड़ना तथा उनकी ऊर्जा एवं क्षमता को विकसित भारत@2047 के राष्ट्रीय दृष्टिकोण के अनुरूप सकारात्मक दिशा प्रदान करना रहा।










































