15 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 2 साल की मासूम समेत दो की मौत; 5 घायल

उत्तराखंड/विवेकानंद वशिष्ठ:-   उत्तराखंड के कोटी रोड पर धमोग मंदिर के समीप एक भीषण सड़क हादसा पेश आया। हिमाचल प्रदेश से विकासनगर जा रही बोलेरो अनियंत्रित होकर करीब 15 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सात लोग सवार थे, जिनमें दो की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही SDRF और थाना कालसी पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी सात लोगों को खाई से बाहर निकाला। घायलों को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) कालसी पहुंचाया गया।

 

इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 52 वर्षीय नरबहादुर और महज दो साल की मासूम राधिका के रूप में हुई है। वहीं घायलों में बोलेरो चालक चमन लाल (45), डम्मल (32), नीशा (14), उर्मिला (30) और पांच वर्षीय प्रदीप शामिल हैं। सभी यात्री नेपाल के अछाम जिले के निवासी बताए गए हैं, जबकि चालक हिमाचल प्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है।एक साथ सफर कर रहे सात लोगों की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। दो जिंदगियां हमेशा के लिए बुझ गईं, जबकि पांच घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है।

 

 

[post-views]