डीसी ने की प्रदेश सरकार के 4 वर्ष के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  प्रदेश सरकार के कार्यकाल के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर 11 दिसंबर को सुजानपुर के चौगान में आयोजित किए जा रहे राज्य स्तरीय समारोह के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं।

 

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को यहां हमीर भवन में जिला और उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक करके इन तैयारियों की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों एवं अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कीं।

उपायुक्त ने बताया कि इस समारोह में प्रदेश के सभी बारह जिलों से हजारों लोग भाग लेंगे। इसलिए, आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक प्रबंधों के अलावा आस-पास के क्षेत्रों में भी हजारों लोगों की आवाजाही एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करने होंगे।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों को वाहनों की आवाजाही के रूट, यातायात और पार्किंग इत्यादि की व्यवस्था के लिए विस्तृत प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग और नेशनल हाईवे के अधिकारी सुजानपुर की ओर जाने वाली सभी सड़कों की मरम्मत करवाएं। आयोजन स्थल पर पेयजल, सफाई और पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था के लिए जल शक्ति विभाग तथा स्थानीय नगर परिषद त्वरित कदम उठाएं। इनमें किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। मंच एवं गेट निर्माण, दर्शक दीर्घा में अलग-अलग ब्लॉक बनाने, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य प्रबंधों को लेकर भी उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।

जिले के सभी उपमंडलों से सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को समारोह स्थल तक पहुंचाने और अन्य जिलों से आने वाले लोगों को अलग-अलग स्थानों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए भी उपायुक्त ने सभी एसडीएम को पर्याप्त प्रबंध करने के निर्देश दिए।

बैठक में एसपी बलवीर सिंह, एडीसी अभिषेक गर्ग, एसी टू डीसी संजीत सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण सुझाव रखे।

 

 

 

 

[post-views]