स्वास्थ्य खंड टौणी देवी में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 चलाया, चार चालान किए

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ:-  मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार फोतेदार हमीरपुर के निर्देशानुसार स्वास्थ्य खंड टौणी देवी में खंड टास्क फोर्स टीम द्वारा तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 चलाया गया।

 

यह अभियान खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अवनीत की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। अभियान के दौरान टौणी देवी के उटपुर और उहल क्षेत्रों में निरीक्षण किया गया तथा कोटपा अधिनियम की धारा 4 के तहत चार चालान किए गए।

 

 

इस अवसर पर खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अवनीत ने दुकानदारों एवं आम जनता से तंबाकू नियंत्रण संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जिन दुकानदारों ने तंबाकू उत्पाद बेचने के लाइसेंस के लिए निर्धारित फीस जमा करवा दी है, लेकिन अभी तक लाइसेंस प्राप्त नहीं किया है, वे संबंधित पंचायत सचिव से संपर्क कर अपने लाइसेंस कार्ड का सत्यापन करवाएं।

 

 

जिन दुकानदारों के पास लाइसेंस उपलब्ध है, वे इसे अपनी दुकान के सामने वाली दीवार पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे खुली सिगरेट की बिक्री न करें और न ही तंबाकू उत्पादों को दुकान के सामने खुले तौर पर प्रदर्शित करें।

 

 

इसके अतिरिक्त प्रत्येक दुकान पर निर्धारित आकार 60×30 सेंटीमीटर का चेतावनी बोर्ड लगाना अनिवार्य है, जिस पर स्पष्ट रूप से लिखा होना चाहिए कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को तंबाकू उत्पाद नहीं बेचे जाते हैं।

 

 

डॉ. अवनीत ने कहा कि तंबाकू नियंत्रण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खुली सिगरेट बेचते हुए पाए जाने पर संबंधित प्रावधानों के तहत जुर्माना लगाया जा सकता है तथा बार-बार नियमों का उल्लंघन करने पर अतिरिक्त दंडात्मक कार्रवाई का भी प्रावधान है।

 

 

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन दुकानदारों ने शैक्षणिक संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचने का लाइसेंस ले रखा है, वे अपना लाइसेंस अतिशीघ्र संबंधित विभाग में जमा करवाएं।

 

अंत में उन्होंने सभी दुकानदारों एवं आम जनता से तंबाकू नियंत्रण कानूनों का पालन करने, युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने तथा स्वस्थ एवं तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में अपना सहयोग देने की अपील की।

 

[post-views]